सेमरा रामचन्द्र की घटना को लेकर शासन-प्रशासन पर उठाए सवाल, जिला, पुलिस और आबकारी विभाग के लंबे समय से पदस्थ मैदानी अमले की जवाबदेही तय करने की मांग
सागर। बंडा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र में शराब के सेवन के बाद दो युवकों की मौत और एक अन्य युवक की तबीयत बिगड़ने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि सागर जिले में अवैध और कथित जहरीली शराब के कारोबार पर रोक लगाने को लेकर शासन-प्रशासन लगातार कार्रवाई के दावे करता रहा है, लेकिन जमीनी हालात इन दावों से अलग नजर आ रहे हैं। जिले में एक के बाद एक सामने आ रही घटनाएं इस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। बंडा-शाहगढ़ के बाद केसली, नरयावली के ईसरवारा, सागर के मछरयाई और अब बंडा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र में शराब के सेवन के बाद मौत और लोगों के बीमार होने की घटनाएं सामने आई हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने की आशंका पैदा होती है। चिंता की बात यह भी है कि शराब के सेवन से हुई मौतों की वास्तविक वजह सामने लाने के बजाय कई बार पूरे मामले की सच्चाई को दबाने की कोशिश होती दिखाई देती है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर जिले में बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और जिम्मेदार विभाग इस पर रोक लगाने में सफल क्यों नहीं हो पा रहे हैं?
चौधरी ने जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सागर जिले में लंबे समय तक पदस्थ रहने और स्थानांतरण के बाद दोबारा इसी जिले में नियुक्ति पाने वाले अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लंबे समय से काम कर रहे इन कर्मचारियों को अवैध शराब के कारोबार, उसके नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की जानकारी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद इस कारोबार पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पाई, यह गंभीर जांच का विषय है।
पूर्व मंत्री के मुताबिक, संबंधित कर्मचारियों के कार्यकाल, उनकी जिम्मेदारियों और उनके द्वारा की गई कार्रवाई की बारीकी से पड़ताल होनी चाहिए। इससे यह पता चल सकेगा कि कहीं अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण तो नहीं दिया गया, किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई या फिर अन्य अनियमितताएं तो नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर पर सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
चौधरी ने नशामुक्ति अभियानों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने और लाखों लोगों तक संदेश पहुंचाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जिले में इन प्रयासों का असर दिखाई नहीं दे रहा है। शराब के सेवन के बाद लोगों की मौत और तबीयत बिगड़ने की घटनाएं लगातार सामने आना कई सवाल खड़े करता है।
पूर्व मंत्री ने मांग की कि ग्राम सेमरा रामचन्द्र में हुई दोनों मौतों और एक अन्य युवक के बीमार होने की घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए। इसके साथ ही जिले में शराब के सेवन से पहले हुई मौतों की घटनाओं और उनके वास्तविक कारणों की भी समीक्षा की जाए। प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जमीनी स्थिति की पड़ताल भी जांच का हिस्सा होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दायरे में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ उन मैदानी कर्मचारियों को भी शामिल किया जाए, जो लंबे समय से सागर जिले में पदस्थ हैं या स्थानांतरण के बाद बार-बार यहां नियुक्त होते रहे हैं।
सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि जांच के जरिए युवकों की मौत की असली वजह सामने आनी चाहिए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए। जिले में अवैध और जहरीली शराब के कारोबार को रोकने के लिए केवल औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह की घटनाओं को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कार्रवाई होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।








