सागर : कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मानकों पर खरी नहीं उतरी शराब तो संबंधितों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सागर। जिले में खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बंडा क्षेत्र की तीन मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर देशी शराब के नमूने एकत्र किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने यह कार्रवाई करते हुए सभी नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
विभागीय टीम ने बंडा स्थित बस स्टैंड की मदिरा दुकान, जमुनिया की दुकान और सागर-छतरपुर फोरलेन रोड पर संचालित मदिरा दुकान का निरीक्षण किया। यहां से ‘देशी मदिरा मसाला’ के 180 एमएल वाले पैक जांच के लिए लिए गए। तीनों दुकानों का लाइसेंस जंडेल सिंह गुर्जर के नाम पर है।
नमूने लेने के दौरान प्रत्येक दुकान से 180 एमएल की 16-16 बोतलें सीलबंद की गईं। इस तरह तीनों दुकानों से कुल 48 बोतलें जांच के लिए एकत्र की गई हैं। संबंधित शराब का निर्माण और बॉटलिंग ग्राम मेहर, झांसी रोड, सागर स्थित मेसर्स डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड में किया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत विभाग ने फॉर्म-VA के जरिए संबंधित लाइसेंसधारी, दुकान संचालकों और निर्माता कंपनी को औपचारिक नोटिस भी जारी किए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, सभी सीलबंद नमूनों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि जांच में शराब निर्धारित मानकों के विपरीत पाई जाती है, तो संबंधित लाइसेंसधारी, विक्रेताओं और निर्माता कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में मिलावट और गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन कर खाद्य एवं पेय पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आम लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








