होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

बरगी बांध हादसा : 48 घंटे बाद मिले लापता पर्यटकों के शव, सर्च ऑपरेशन समाप्त

बरगी बांध हादसा : 48 ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

बरगी बांध हादसा : 48 घंटे बाद मिले लापता पर्यटकों के शव, सर्च ऑपरेशन समाप्त

जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 पहुंची, तमिलनाडु के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जबलपुर। बरगी बांध में गुरुवार को हुए क्रूज हादसे के बाद लापता चल रहे पर्यटकों की तलाश आखिरकार 48 घंटे बाद पूरी हो गई। रविवार सुबह शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नौ वर्षीय मयूरन (पिता परिमल) और आर कामराज के शव बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही इस हादसे के बाद चल रहा बचाव और खोज अभियान भी समाप्त कर दिया गया।

हादसे के बाद कुल चार लोग लापता बताए गए थे, जिनमें से अब तीन के शव मिल चुके हैं। जबलपुर की आयुध निर्माणी खमरिया में कार्यरत आर कामराज और उनका भतीजा मयूरन घटना के बाद से ही लापता थे। इन्हें खोजने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें शनिवार सुबह छह बजे से लगातार अभियान चला रही थीं।

इस हादसे में जान गंवाने वाले दो महिला पर्यटकों के शव शनिवार को विशेष विमान के जरिए तमिलनाडु भेजे गए थे। आर कामराज अपने परिवार के साथ घूमने आए थे, जिनमें उनकी पत्नी, बच्चे, तमिलनाडु से आए माता-पिता, भाई-भाभी और अन्य परिजन शामिल थे। दुर्घटना के दौरान उनका 10 वर्षीय बेटा लहरों के सहारे किनारे तक पहुंच गया और उसे सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन छोटा बेटा श्रीतमिलवेंदन, भतीजा मयूरन और स्वयं आर कामराज पानी में डूब गए थे।

रविवार सुबह मयूरन और आर कामराज के शव मिलने के बाद परिवार की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं। कामराज का परिवार मूल रूप से तमिलनाडु के त्रिची का रहने वाला है। परिजनों की इच्छा के अनुसार मृत महिलाओं का अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम में किया जाना तय हुआ, जिसके लिए प्रशासन ने विशेष विमान की व्यवस्था की। शनिवार को एक विमान से दोनों महिलाओं के शव और दो परिजनों को तमिलनाडु भेजा गया।

बताया गया कि एक अन्य विमान तकनीकी कारणों से समय पर नहीं पहुंच सका, जिसके चलते बाकी परिजनों को बाद में रवाना किया गया। इस भीषण हादसे में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All
error: RNVLive Content is protected !!