सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और हत्या के तीन मामलों के फरार आरोपी गिरफ्तार
सागर। जिले में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बांदरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और हत्या के तीन अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में यह अभियान लगातार जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन और खुरई एसडीओपी प्रवीण अस्थाना के पर्यवेक्षण में थाना बांदरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
छह महीने से फरार दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में थाना बांदरी के अपराध क्रमांक 362/2025 में आरोपी मानसिंह लोधी, पिता कल्याण लोधी, निवासी ग्राम रूरावन, थाना छानबीला, पर एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचता रहा और करीब छह महीने से फरार था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार उसकी तलाश जारी रखी। आखिरकार ग्राम रूरावन में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या के प्रयास के मामले में हरियाणा से आरोपी पकड़ा
दूसरा मामला अप्रैल 2026 का है। ग्राम मोठी स्थित सड़क निर्माण सामग्री प्लांट के पास रविंद्र उर्फ अमित और उसके साथियों पर यश राजपूत पर लोहे की रॉड और पाइप से जानलेवा हमला करने का आरोप है। इस घटना में यश राजपूत गंभीर रूप से घायल हुआ था। मामले में थाना बांदरी में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था और आठ नामजद आरोपी फरार चल रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस ने रोहित, पिता सुरेंद्र लठार, निवासी जिला जींद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। उसे बांदरी लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
हत्या के मामले का मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार
तीसरा मामला ग्राम हनोता का है, जहां पिछले सप्ताह जमीन विवाद को लेकर नरेंद्र लोधी, सुरेंद्र लोधी, देवेंद्र लोधी, अमर लोधी तथा अन्य लोगों ने हरनाम सिंह लोधी के साथ कटरना, कुल्हाड़ी और डंडों से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हरनाम सिंह लोधी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
इस प्रकरण में पुलिस पहले ही अमर लोधी, सुरेंद्र लोधी, मेमबाई और अनीता लोधी को गिरफ्तार कर चुकी थी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेंद्र लोधी को सागर से गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी आरोपियों को उप जेल खुरई भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इन तीनों मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह गुर्जर, आरक्षक जयराम यादव, राजेश यादव, अरविंद और सत्येंद्र राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून से बचने की कोशिश करने वाले प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








