बुंदेलखंड को रेलवे की बड़ी सौगात: प्रयागराज–यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू, बेंगलुरु का सफर होगा आसान
छतरपुर। बुंदेलखंड के लोगों के लिए रेलवे ने राहत भरी खबर दी है। दक्षिण भारत, खासकर बेंगलुरु में नौकरी, व्यापार और उच्च शिक्षा के लिए रहने वाले क्षेत्र के लोगों को अब घर आने-जाने में पहले जैसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब तक सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी, जिससे समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था।
यात्रियों की इसी लंबे समय से चली आ रही समस्या को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज–यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन बुंदेलखंड के प्रमुख स्टेशनों खजुराहो, छतरपुर, टीकमगढ़ और ललितपुर से होकर गुजरेगी। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधे दक्षिण भारत तक बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी, विशेष रूप से त्योहारों और छुट्टियों के दौरान इसका लाभ अधिक मिलेगा।
रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में 8-8 फेरे लगाएगी और इसका संचालन आधुनिक इलेक्ट्रिक इंजन से किया जाएगा। ट्रेन संख्या 04149 का संचालन 5 अगस्त से 23 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार को होगा। यह ट्रेन शाम 6 बजे प्रयागराज से रवाना होगी और गुरुवार को रात 1:40 बजे खजुराहो, 3:08 बजे छतरपुर, 4:20 बजे टीकमगढ़ तथा 5:28 बजे ललितपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नागपुर और सिकंदराबाद होते हुए शुक्रवार रात 9 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। लगभग 2,336 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन करीब 51 घंटे में तय करेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04150 का संचालन 8 अगस्त से 26 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। यह ट्रेन सुबह 7 बजे यशवंतपुर से रवाना होकर रविवार को शाम 6:18 बजे ललितपुर, 7:10 बजे टीकमगढ़, रात 8:30 बजे छतरपुर और 9:20 बजे खजुराहो पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वापसी का पूरा सफर लगभग 47 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 23 कोच लगाए गए हैं। इनमें 1 सेकेंड एसी, 2 थर्ड एसी, 11 स्लीपर, 7 जनरल तथा 2 लगेज-कम-ब्रेक वैन शामिल हैं। अपने पूरे मार्ग में ट्रेन मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, बल्लारशाह, काजीपेट, रायचूर और गुंतकल सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी रुकेगी। यात्री इस ट्रेन के लिए रेलवे आरक्षण केंद्रों या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।








