चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता : 3 अन्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 5 आरोपी पुलिस गिरफ्त में
सागर। पुलिस ने थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में हुये चर्चित दोहरे हत्याकांड प्रकरण में त्वरित, सूक्ष्म एवं वैज्ञानिक विवेचना करते हुये 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश हेतु पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटना के संबंध में 9 मई को फरियादी सूरज अहिरवार पिता दामोदर अहिरवार 40 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 07 शाहपुर थाना सानौधा जिला सागर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 8 मई की रात्रि लगभग 8.30 बजे शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपीगण नीलेश अहिरवार पिता काशीराम अहिरवार निवासी शाहपुर, भगवत पटैल पिता कुन्दन पटैल निवासी शाहपुर, अंशुल यादव पिता रामप्रसाद यादव निवासी भडराना थाना बण्डा, छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी एवं अभिषेक पटैल निवासी शाहपुर थाना सानौधा द्वारा फरियादी एवं नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली गलौज की गई तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुये लाठी एवं लोहे की रॉड से गंभीर मारपीट की गई।
घटना में गंभीर रूप से घायल नीरज प्रजापति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार की उपचार के दौरान 10 मई को मृत्यु हो गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सानौधा में अपराध क्र. 128/26 धारा 103(1), 126(2), 190, 191(2), 191(3), 296(बी), 115(2) बीएनएस एवं 3(1)(द), 3(1)(घ), 3(2)(व्ही) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुये पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा सेमाढाना, परगासपुरा एवं जैसीनगर क्षेत्र के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा विश्वसनीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान 21 मई को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि प्रकरण का अन्य संदेही आरोपी सत्यपाल लोधी अपने दो साथियों के साथ भोपाल रोड जैसीनगर तिगड्डा के पास खड़ा है तथा बाहर प्रदेश भागने की फिराक में है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम द्वारा जैसीनगर तिगड्डा पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे, जिन्हें टीम ने सतर्कता एवं सूझबूझ से घेराबंदी कर पकड़ लिया तथा अभिरक्षा में लेकर थाना मोतीनगर लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी सत्यपाल लोधी ने स्वीकार किया कि वह मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी के साथ शाहपुर शराब कंपनी में कार्य करता था तथा घटना दिनांक को दोनों मृतकों के साथ हुई मारपीट की घटना में शामिल था। घटना को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से उसने पुलिस को भ्रामक सूचना दी थी तथा अपने दो अन्य साथियों पुष्पेन्द्र लोधी एवं संदीप लोधी की सहायता से फरारी काटने की योजना बना रहा था। फरारी के लिये उसने शराब कंपनी के खाते से राशि आरोपीगण पुष्पेन्द्र लोधी एवं संदीप लोधी के खातों में ट्रांसफर की थी। पुलिस द्वारा आरोपी सत्यपाल लोधी से घटना के मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी का मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है, जिसमें घटना से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुये हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पूछताछ एवं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सत्यपाल लोधी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। प्रकरण में सागर पुलिस द्वारा की गई सतर्कता, वैज्ञानिक विवेचना, त्वरित कार्यवाही एवं प्रभावी साक्ष्य संकलन की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। पुलिस की सजगता एवं सूझबूझ के कारण आरोपियों द्वारा रची गई दुर्घटना की झूठी कहानी का पर्दाफाश संभव हो सका तथा दोहरे हत्याकांड के आरोपियों तक पुलिस शीघ्रता से पहुंच सकी। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर, निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, सौरभ रैकवार, विनोद कुमार, नदीम शेख, दिनेश यादव, सुनील चौबे, अनुराग वैद्य, दीपांश कुमार पाठक, सतेन्द्र सिंह, हेमन्त सिंह, अजय की भूमिका रही।
चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलताः 3 अन्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 5 आरोपी पुलिस गिरफ्त में
चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







