एसडीओपी कार्यालय के बाजू में मंदिर में बड़ी चोरी, भगवान के मुकुट-हार और ₹50 हजार लेकर फरार हुए बदमाश
सागर/बण्डा। बंडा में एसडीओपी कार्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में रविवार सुबह बड़ी चोरी का मामला सामने आया। अज्ञात बदमाश रात के समय मंदिर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और भगवान के 10 चांदी के मुकुट, 5 छत्र, सोने का हार, कन्हैया जी की बांसुरी तथा दानपेटी में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गये। घटना के बाद मंदिर समिति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। मंदिर के पुजारी सुदामा प्रसाद गोस्वामी ने बताया कि शनिवार रात रोज की तरह मंदिर बंद कर घर चले गये थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे पूजा के लिये पहुंचे तो मंदिर के चैनल गेट और मुख्य द्वार के ताले टूटे मिले। गर्भगृह में पहुंचने पर भगवान के आभूषण और अन्य कीमती धार्मिक सामग्री गायब थी, जबकि दानपेटी भी टूटी हुई पड़ी थी। पुजारी के अनुसार चोर मंदिर से भगवान के 10 चांदी के मुकुट, 5 चांदी के छत्र, सोने का हार, कन्हैया जी की बांसुरी और दानपेटी में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुये सागर से डॉग स्म्ॉड और एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये और आरोपियों तक पहुंचने के लिये वैज्ञानिक जांच शुरू की। बंडा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश के लिये पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। मंदिर समिति के सदस्यों ने इस घटना पर चिंता जताते हुये आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनायें लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाती हैं, इसलिये दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जानी चाहिये।








