मृत अवस्था में मिला काला हिरण, आवारा कुत्तों के हमले से मौत की आशंका,वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम
सागर। देवरी उपवन मंडल के देवरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बुधवार सुबह मुहली बीट से लगे क्षेत्र में बुधवार सुबह वन विभाग को मुहली बीट से लगे क्षेत्र में एक काला हिरण घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही देवरी वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां हिरण मृत अवस्था में मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का नियमानुसार पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिये देवरी पशु चिकित्सा विभाग भेजा। देवरी वन परिक्षेत्र अधिकारी जेपी शाक्य ने बताया कि मुहली बीट क्षेत्र से लगे स्थान पर काला हिरण के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो हिरण मृत मिला। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया हिरण की मौत आवारा कुत्तों के हमले के कारण होना प्रतीत हो रही है। हिरण के शरीर पर कुत्तों के हमले से संबंधित निशान भी पाये गये हैं। वही पशु चिकित्सा ब्लॉक अधिकारी डॉ. बीडी पाल ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी मृत काले हिरण को पोस्टमार्टम के लिये लेकर आये थे। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान प्रथम दृष्टया मौत का कारण कुत्तों के हमले से होना सामने आया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद वन विभाग द्वारा मृत काले हिरण का नियमानुसार विधिवत अंतिम संस्कार कराया। घटना के बाद वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है तथा वन्यजीव की मौत के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही की गई है। वन क्षेत्र से लगे ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या वन्यजीवों के लिये खतरा बनती जा रही है। काला हिरण जैसे वन्यजीव का मृत मिलना वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से गंभीर विषय माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड वन्यजीवों का पीछा कर उन पर हमला कर सकते हैं। ऐसे में वन क्षेत्र से लगे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही आवारा कुत्तों से वन्यजीवों की सुरक्षा के लिये प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।








