बोलेरो ने साइकिल सवार छात्र को कुचला, वाहन के नीचे दबा,ग्रामीणों ने निकाला, कोचिंग जा रहा था, गंभीर हालत में सागर रेफर
सागर/बीना। खिमलासा में बुधवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल से कोचिंग जा रहे 13 वर्षीय छात्र को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्र बोलेरो के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में छात्र को बीना सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर कर दिया गया। हादसा खिमलासा हाईस्कूल और बस स्टैंड के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार तेज थी। चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन पैर एक्सीलेटर पर दब जाने से वाहन अचानक तेज गति से आगे बढ़ गया। इसी दौरान साइकिल से गुजर रहा समीर पिता जगदीश अहिरवार उसकी चपेट में आ गया। टक्कर के बाद बोलेरो सड़क किनारे लगी लोहे की रैलिंग तोड़ते हुये ग्राम पंचायत की दीवार से जा टकराई। हादसे में छात्र वाहन के नीचे दब गया और उसकी साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। छात्र को बोलेरो के नीचे दबा देखकर उन्होंने वाहन के नीचे से उसे निकालने के लिये काफी मशक्कत की। किसी तरह छात्र को बाहर निकालकर पुलिस और 112 को सूचना दी गई। इसके बाद घायल को बीना सिविल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की हालत गंभीर देखते हुये डॉक्टरों ने उसे सागर रेफर कर दिया। छात्र के सिर और शरीर में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गये। आक्रोशित लोगों ने बोलेरो चालक के साथ हाथापाई भी की। बाद में चालक को खिमलासा पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना पर थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हटाने के लिये जेसीबी की मदद ली गई और वाहन को थाने पहुंचाया गया। पुलिस ने बोलेरो क्र. एमपी 15 टी 1656 को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








