सीएम डॉ. मोहन यादव का सागर दौरा कल, टाइगर रिजर्व में कार्यक्रम की तैयारियों का अफसरों ने किया मुआयना
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 25 मार्च 2026 बुधवार को प्रस्तावित सागर जिले के रहली विकासखंड अंतर्गत वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में आयोजित कार्यक्रम को लेकर संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना ने कलेक्टर श्री संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक श्री विकास सहवाल तथा मुख्य वन संरक्षक श्री दीपू दमन सिंह भदोरिया के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, भूमि पूजन स्थल तथा बामनेर नदी तट सहित अन्य स्थानों का जायजा लिया।संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि हेलीपैड स्थल सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए तथा आगंतुकों के लिए समुचित आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जाए। इसके अलावा, उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल की तैनाती के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक श्री दीपू दमन सिंह भदोरिया, कलेक्टर श्री संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक श्री विकास सहवाल, डीएफओ श्री रजनीश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक के.वी., अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








