चाकूबाजी में घायल शानू खान की हालत स्थिर, 72 घंटे आईसीयू में निगरानी जारी
तेंदूखेड़ा। शुक्रवार दोपहर लगभग 2:15 बजे नगर के पुलिस थाने के समीप जामुनखेड़ा मार्ग पर हुई चाकूबाजी की घटना में घायल हुए शानू खान का जबलपुर के एक निजी अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल शानू खान को तत्काल तेंदूखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात्रि में चिकित्सकों की टीम ने शानू खान का ऑपरेशन किया। वर्तमान में उसे अस्पताल के आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार शानू की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है तथा वह परिजनों एवं परिचितों से बातचीत भी कर रहा है। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि एहतियात के तौर पर अगले 72 घंटे तक उसे विशेष निगरानी में रखा जाएगा। इस दौरान उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा है, लेकिन पूर्ण रूप से खतरे से बाहर होने की पुष्टि निगरानी अवधि पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।








