व्यारमा नदी पर नहाने गए युवक पर मगरमच्छ ने किया हमला पैर में बने गहरे घाब
युवक के चिल्लाने पर लोगों ने बचाई जान वन विभाग ने दी 1000 हजार की सहायता राशि
तेंदूखेड़ा। मंगलवार को तेजगढ़ थाना क्षेत्र के दिनारी गांव में दोपहर ब्यारमा नदी में नहाने गए 18 वर्षीय युवक अभिषेक सिंह राजपूत पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है अभिषेक के भाई आशीष ने बताया कि वह रोज की तरह नदी में नहा रहा था, तभी मगरमच्छ ने पीछे से हमला कर उसका पैर दबोच लिया। मगरमच्छ ने दो-तीन बार जोर से झटके दिए और उसे गहरे पानी में खींचने की कोशिश की। अभिषेक के चिल्लाने पर वहां मौजूद अन्य लोग मदद के लिए दौड़े और मगरमच्छ पर पथराव कर उसे भागने पर मजबूर किया, जिससे युवक की जान बच सकी
*इलाज और आर्थिक सहायता*
परिजनों ने तत्काल अभिषेक को दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, मगरमच्छ के दांतों से युवक के दाहिने पैर में काफी गहरे और गंभीर घाव हुए हैं घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 1000 रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। नदी किनारे इस तरह के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
*क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा मगरमच्छों का कुनबा*
बता दें कि व्यारमा नदी में बड़ी संख्या में मगरमच्छ मौजूद है जिनका कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है दिनारी के लोगों ने कहा की व्यारमा नदी में बड़ी संख्या में मगरमच्छ मौजूद है व्यारमा नदी कोटखेड़ा, तारादेही, झलौन, तेजगढ़, इमलिया होते हुए निकली है। उक्त नदी में बड़ी संख्या में मगरमच्छों का बसेरा बना हुआ है और बड़ी संख्या में मगरमच्छों को देखा जा सकता है। बता दें कि बारिश के तीन माह में व्यारमा नदी से निकलकर दर्जनों मगरमच्छ रहवासी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं जिन्हें पकड़कर सिंगौरगढ़ जलाशय और नौरादेही अभ्यारण्य के तालाब सहित व्यारमा नदी और बमनेर नदी में छोड़ा जाता है। मगरमच्छों द्वारा जानवरों और इंसानों पर भी हमला करने के मामले सामने आ चुके हैं इस वर्ष दर्जनों मगरमच्छों को पकड़कर भोपाल भेजा जा चुका है








