हाईवे पर मौत का मंडराता खतरा ! NH-44 पर आवारा गौवंश के झुंड, हर पल हादसे का डर
सागर/मालथौन। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 सागर-ललितपुर मार्ग पर इन दिनों आवारा गौवंशीय पशुओं का जमावड़ा वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। मालथौन क्षेत्र में फोरलेन हाईवे पर जगह-जगह पशुओं के झुंड बैठे नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और हाईवे अथॉरिटी की उदासीनता के कारण यह समस्या गंभीर होती जा रही है। मालथौन टोल प्लाजा से सुखालीपुरा तक हाईवे की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बताई जा रही है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में गौवंश सड़क पर बैठे रहते है। रात के समय अंधेरे में वाहन चालकों को ये पशु दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार टोल प्लाजा से ओवरब्रिज के बीच पिछले दो वर्षों में सड़क पर बैठे पशुओं के कारण कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। इन घटनाओं को लेकर पहले भी हाईवे पर आक्रोश देखने को मिला था। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों को नुकसान से बचाने के लिये किसानों द्वारा आवारा पशुओं को खदेड़कर हाईवे किनारे पहुंचाया जा रहा है। इससे सड़क पर पशुओं की संख्या बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर गौवंश के संरक्षण और व्यवस्थापन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से किसान और वाहन चालक दोनों परेशान हैं। प्रदेश सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण को लेकर लगातार योजनाओं और प्रयासों की बात कही जाती है, लेकिन मालथौन क्षेत्र में हाईवे की मौजूदा स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और हाईवे प्रबंधन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि पशुओं की सुरक्षा के साथ वाहन चालकों को भी राहत मिल सके।








