36 घंटे से लापता युवक का कुयें में मिला शव, गले पर धारदार वार के निशान, मोबाइल, जूता और खून के धब्बों ने खोला रहस्य
सागर/मालथौन। थाना बांदरी की रजवांस चौकी अंतर्गत खुरई रोड स्थित वेयरहाउस के पीछे खेत में बने कुयें में सोमवार को 22 वर्षीय युवक का शव तैरता मिला। युवक बीते दो दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित अहिरवार पिता रघुवीर अहिरवार निवासी इनायतपुर थाना खिमलासा के रूप में हुई है। रोहित सागर से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में रजवांस क्षेत्र से अचानक गायब हो गया। मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब रिलायंस टावर के पास युवक का मोबाइल फोन, जूता, बैग और खून के धब्बे मिले। घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर युवक का बैग बरामद हुआ, जबकि पास बने शौचालय के दरवाजे और तार फेंसिंग पर खून के बड़े-बड़े निशान पाये गये। इसके बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 36 घंटे की तलाश के बाद युवक का शव खेत के कुएं में तैरता मिला। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला किये जाने के निशान मिले हैं। शरीर पर चोटों के गंभीर निशान भी पाये गये हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। परिजनों के अनुसार रोहित सागर में रहकर बीएससी की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दो दिन पहले वह बस से अपने गांव इनायतपुर लौट रहा था। उसकी अंतिम लोकेशन रजवांस-खुरई बस स्टैंड क्षेत्र में मिली थी। जब युवक देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। बाद में मोबाइल और अन्य सामान मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई और पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि रोहित का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पोस्टमार्टम में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में कराने की मांग भी उठाई है।
एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड ने खंगाला घटना स्थल
मामले की गंभीरता को देखते हुये मौके पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाये हैं। मौके पर एडिशनल एसपी संजीव उइके, एसडीएम मनोज चौरसिया, तहसीलदार कमलेश सतनामी, थाना प्रभारी सुम्मेर जागेत, चौकी प्रभारी विजय पटेल सहित जिले के कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। बड़ी संख्या में समाजजन और नगरवासी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अब पूरे क्षेत्र में एक ही सवाल गूंज रहा है आखिर पढ़ाई कर घर लौट रहे युवक के साथ ऐसा क्या हुआ कि उसकी लाश कुयें में मिली।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध, युवक के साथ घटना हुई लगती हैः एएसपी
मामले में अति. पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार उईके ने बताया कि मृतक खिमलासा थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी था और अपने भाई के साथ सागर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। युवक दोपहर में अपने भाई को गांव जाने की जानकारी देकर निकला था। उसकी अंतिम लोकेशन रजवांस क्षेत्र में मिली थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। सागर के कैंट थाने में गुम इंसान दर्ज किया गया था और पिछले दो दिनों से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार को सूचना मिली कि रजवांस के पास वेयरहाउस के पीछे बने कुयें में युवक का शव पड़ा है। शव को बाहर निकालने पर गले में कट का निशान दिखाई दिया। साथ ही युवक के कपड़े और जूते भी खून से सने हुये मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच कराई है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जायेगा, ताकि जल्द से जल्द रिपोर्ट प्राप्त हो सके। प्रथम दृष्टया चोटों और परिस्थितियों को देखकर ऐसा लग रहा है कि युवक के साथ कोई घटना हुई है। हालांकि पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगी।
36 घंटे से लापता युवक का कुयें में मिला शव, गले पर धारदार वार के निशान, मोबाइल, जूता और खून के धब्बों ने खोला रहस्य
36 घंटे से लापता युवक ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







