होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

देव दीपावली 2026: क्यों मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा पर देवताओं की दिवाली? जानिए इससे जुड़ी 4 पौराणिक कथाएं

देव दीपावली 2026: क्यों मनाई ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

देव दीपावली 2026: क्यों मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा पर देवताओं की दिवाली? जानिए इससे जुड़ी 4 पौराणिक कथाएं

कार्तिक पूर्णिमा पर दीप जलाकर देवताओं ने मनाई थी खुशियां, भगवान शिव के त्रिपुरासुर वध से भी जुड़ा है इस पर्व का विशेष महत्व; काशी के गंगा घाटों पर लाखों दीपों से जगमगाता है पूरा वातावरण।

कार्तिक मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला देव दीपावली का पर्व धार्मिक और पौराणिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। दीपावली के ठीक 15 दिन बाद आने वाले इस त्योहार को देवताओं की दिवाली भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता धरती पर आकर दीप जलाते हैं और उत्सव मनाते हैं। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।

देव दीपावली का सबसे भव्य आयोजन भगवान शिव की नगरी काशी में देखने को मिलता है। यहां गंगा के घाटों को लाखों दीपों से सजाया जाता है। पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठता है। इस पर्व के पीछे कई पौराणिक मान्यताएं और कथाएं प्रचलित हैं। आइए जानते हैं कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने से जुड़ी प्रमुख धार्मिक कथाओं के बारे में।

1\. भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने की खुशी में मनाई गई देव दीपावली

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से भगवान विष्णु चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को वे निद्रा से जागते हैं। इस अवसर को देवउठनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। इसी दिन तुलसी विवाह का भी आयोजन किया जाता है।

मान्यता है कि भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने पर सभी देवी-देवताओं में प्रसन्नता छा गई। इसी खुशी में कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवी-देवताओं ने माता लक्ष्मी और भगवान नारायण की महाआरती की तथा दीप जलाकर उत्सव मनाया। तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने की परंपरा जुड़ी मानी जाती है।

 2\. भगवान शिव ने किया था त्रिपुरासुर का वध

देव दीपावली से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध पौराणिक कथा भगवान शिव और राक्षस त्रिपुरासुर की है। मान्यता के अनुसार, भगवान कार्तिकेय ने जब तारकासुर का वध किया तो उसके तीनों पुत्रों ने देवताओं से बदला लेने का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने कठोर तपस्या कर ब्रह्माजी को प्रसन्न किया और उनसे तीन नगरों के निर्माण का वरदान मांगा।

उनकी इच्छा थी कि तीनों नगर जब अभिजीत नक्षत्र में एक सीध में आ जाएं, तभी कोई अत्यंत शांत अवस्था में असंभव रथ और बाण के माध्यम से उनका वध कर सके। ब्रह्माजी ने उनकी प्रार्थना स्वीकार करते हुए तथास्तु कह दिया।

वरदान मिलने के बाद तीनों असुरों का आतंक बढ़ गया। उन्होंने पाताल, पृथ्वी और स्वर्ग लोक में देवताओं, ऋषियों और आम लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। उनके अत्याचारों से त्रस्त होकर देवताओं ने भगवान शिव की शरण ली और उनसे राक्षसों का अंत करने की विनती की।

देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का संहार कर तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त कराया। इस विजय से प्रसन्न होकर सभी देवी-देवता भगवान शिव की नगरी काशी पहुंचे। वहां उन्होंने लाखों दीप जलाकर अपनी खुशी जाहिर की।

कहा जाता है कि यह घटना कार्तिक मास की पूर्णिमा को हुई थी। इसी मान्यता के चलते हर साल इस तिथि पर काशी में भव्य देव दीपावली मनाई जाती है।

3\. राजा त्रिशंकु और महर्षि विश्वामित्र की सृष्टि की कथा

देव दीपावली से जुड़ी एक अन्य पौराणिक कथा राजा त्रिशंकु और महर्षि विश्वामित्र से संबंधित है। मान्यता है कि महर्षि विश्वामित्र ने अपने तपोबल से राजा त्रिशंकु को सशरीर स्वर्ग पहुंचा दिया था। इससे देवता चिंतित हो गए और उन्होंने त्रिशंकु को स्वर्ग से बाहर कर दिया। देवताओं के इस निर्णय के बाद त्रिशंकु स्वर्ग और पृथ्वी के बीच अधर में लटक गए।

इस घटना से महर्षि विश्वामित्र काफी नाराज हुए। उन्होंने अपने तपोबल से एक नई सृष्टि बनाने का संकल्प ले लिया। इस नई रचना में उन्होंने पृथ्वी और स्वर्ग से अलग एक संपूर्ण संसार बसाने की प्रक्रिया शुरू की। इसके तहत कुश, मिट्टी, ऊंट, बकरी, भेड़, नारियल, कोहड़ा और सिंघाड़े सहित कई चीजों की रचना करने लगे।

कथा के अनुसार, इसी क्रम में विश्वामित्र ने ब्रह्मा, विष्णु और महेश की प्रतिमाएं बनाकर उनमें मंत्रों के माध्यम से प्राण प्रतिष्ठित करने का प्रयास शुरू कर दिया। इससे पूरी सृष्टि में उथल-पुथल मच गई। हालात बिगड़ते देख देवताओं ने महर्षि विश्वामित्र से हस्तक्षेप करने और अपना संकल्प वापस लेने की प्रार्थना की।

देवताओं की विनती से प्रसन्न होकर महर्षि ने नई सृष्टि बनाने का विचार त्याग दिया। इसके बाद देवताओं और ऋषि-मुनियों ने राहत की सांस ली। मान्यता है कि इस खुशी में पृथ्वी, स्वर्ग और पाताल सहित सभी लोकों में दीप जलाकर उत्सव मनाया गया। इसी परंपरा को देव दीपावली से जोड़कर देखा जाता है।

4\. वामन अवतार से स्वर्ग की प्राप्ति की खुशी में जले थे दीप

एक अन्य धार्मिक मान्यता के मुताबिक, भगवान विष्णु के वामन अवतार द्वारा राजा बलि से स्वर्ग की प्राप्ति के बाद देवताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की थी। इसी खुशी में सभी देवी-देवताओं ने एक साथ मिलकर कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा तट पर दीप जलाए और उत्सव मनाया। माना जाता है कि तभी से देव दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई।

धार्मिक ग्रंथों और मान्यताओं में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पवित्र तिथि बताया गया है। ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य सहित अनेक देवताओं ने इस दिन को विशेष पुण्यदायी माना है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सतयुग में इसी तिथि पर भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। यह भी कहा जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान श्रीकृष्ण को आत्मबोध हुआ था। इसके अलावा, इसी दिन देवी तुलसी के प्राकट्य की मान्यता भी प्रचलित है।

इस तरह देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि इससे जुड़ी अनेक धार्मिक कथाओं, मान्यताओं और परंपराओं का प्रतीक है।

धार्मिक जानकारी एवं पौराणिक संदर्भ: डॉ. अनिल दुबे, वैदिक बनारस। संपर्क: 9936443138

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All