होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

अक्षय नवमी : आंवले के वृक्ष की पूजा से मिलता है अक्षय पुण्य, जानिए धार्मिक महत्व और व्रत की कथा

अक्षय नवमी : आंवले के ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

अक्षय नवमी : आंवले के वृक्ष की पूजा से मिलता है अक्षय पुण्य, जानिए धार्मिक महत्व और व्रत की कथा

कार्तिक शुक्ल नवमी को मनाया जाता है आंवला नवमी का पर्व, भगवान विष्णु और शिवजी से जुड़ी है मान्यता; संतान सुख और परिवार की खुशहाली के लिए महिलाएं करती हैं व्रत-पूजन

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। इसे आंवला नवमी, धात्री नवमी और कूष्मांड नवमी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन स्नान, जप, तप, दान, मौन, सेवा और सद्गुरु का सान्निध्य प्राप्त करने से विशेष पुण्य मिलता है। माना जाता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों का फल कभी समाप्त नहीं होता।

आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु इस दिन पेड़ की साफ-सफाई कर उसकी पूजा-अर्चना करते हैं, परिक्रमा लगाते हैं और आंवले का सेवन भी करते हैं। धार्मिक परंपरा में आंवले के वृक्ष को पूजनीय माना गया है। इसकी पूजा के दौरान ‘धात्र्यै नमः’ मंत्र का जाप करना शुभ फलदायी बताया गया है।

डॉ. अनिल दुबे वैदिक के अनुसार कार्तिक शुक्ल नवमी को उत्तर और मध्य भारत में अक्षय नवमी अथवा आंवला नवमी के रूप में मनाया जाता है। वहीं दक्षिण और पूर्व भारत में इसी दिन जगद्धात्री पूजा की परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किए गए सत्कर्मों का पुण्य कई जन्मों तक प्राप्त होता है।

धर्मग्रंथों में आंवले के वृक्ष को भगवान विष्णु और भगवान शिव का निवास स्थान माना गया है। इसी विश्वास के चलते इस दिन सुबह वृक्ष की सफाई कर दूध, फल और पुष्प अर्पित किए जाते हैं। श्रद्धालु धूप-दीप जलाकर विधि-विधान से पूजा करते हैं। शास्त्रों में अक्षय नवमी को वैशाख मास की अक्षय तृतीया के समान शुभ और फलदायी बताया गया है।

आंवला नवमी की पौराणिक कथा

पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन समय में काशी नगरी में एक व्यापारी अपनी पत्नी के साथ रहता था। दंपती के कोई संतान नहीं थी। संतान न होने के कारण व्यापारी की पत्नी हमेशा दुखी रहती थी। एक दिन किसी व्यक्ति ने उसे बताया कि संतान प्राप्ति की इच्छा पूरी करने के लिए उसे किसी जीवित बच्चे की बलि भैरव बाबा को देनी होगी।

महिला ने यह बात अपने पति को बताई, लेकिन उसने इस तरह के कृत्य को गलत बताते हुए असहमति जताई। इसके बावजूद संतान की चाह में महिला ने पति से छिपकर एक बच्चे का अपहरण कर लिया और उसकी बलि भैरव बाबा को चढ़ा दी।

इस घटना के बाद महिला को कई तरह की बीमारियों ने घेर लिया। पत्नी की बिगड़ती हालत देखकर व्यापारी परेशान रहने लगा। जब उसने बीमारी का कारण पूछा तो महिला ने बच्चे की बलि देने की पूरी बात बता दी। यह सुनकर व्यापारी को गुस्सा आया, लेकिन पत्नी की तकलीफ को देखते हुए उसने उसे पाप से मुक्ति पाने के लिए गंगा स्नान करने और सच्चे मन से भगवान से प्रार्थना करने की सलाह दी।

व्यापारी की पत्नी ने कई दिनों तक गंगा स्नान और पूजा-पाठ किया। उसकी श्रद्धा से प्रसन्न होकर गंगा माता ने एक वृद्ध महिला का रूप धारण कर उसे दर्शन दिए। उन्होंने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को वृंदावन में व्रत रखकर आंवले के वृक्ष की विधिपूर्वक पूजा करने से उसके सभी रोग और कष्ट दूर हो सकते हैं।

गंगा माता के बताए अनुसार महिला ने आंवला नवमी का व्रत रखा और पूरे विधि-विधान से वृक्ष की पूजा की। धार्मिक कथा के अनुसार इसके बाद उसके सभी कष्ट दूर हो गए और उसे स्वस्थ एवं सुंदर संतान की प्राप्ति हुई। तभी से महिलाएं सुख-समृद्धि, सौभाग्य, आरोग्य और संतान सुख की कामना के साथ आंवला नवमी का व्रत करती आ रही हैं।

आंवला नवमी पूजन की सामग्री

आंवला नवमी की पूजा के लिए आंवले का पौधा और फल, तुलसी के पत्ते व पौधा, कलश, जल, कुमकुम, सिंदूर, हल्दी, अबीर-गुलाल, अक्षत, नारियल, सूत, धूप-दीप, श्रृंगार सामग्री, साड़ी-ब्लाउज और दान के लिए अनाज रखा जाता है।

धार्मिक जानकारी: डॉ. अनिल दुबे वैदिक, देवरी बिछुआ

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All