बिहार दिवस के अवसर पर डॉ विल्फ्रेड हेनरी हुए सम्मानित।
22 मार्च 2026 बिहार दिवस के शुभ अवसर पर और लेट इंस्पायर बिहार अभियान के तहत पटना के मशहूर बापू सभागार में करीब 10000 व्यक्तियों की भीड़ एकत्रित हुई। इसमें पूरे बिहार के 38 जिलों से आए हुए राजनेता शिक्षाविद कलाकार डॉक्टर इत्यादि को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसमें बिहार का सबसे मशहूर पर्व छठ के गीत पर नाट्य रूपांतरण के द्वारा एक उत्कृष्ट प्रस्तुति प्रस्तुत की गई जिसे लोगों ने खूब सराहा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेट इंस्पायर बिहार के संस्थापक श्री विकास वैभव आईपीएस और बिहार के आईजी पुलिस थे। इस भव्य समारोह में उन्होंने बिहार और पटना के प्रसिद्ध शिक्षक डॉ विल्फ्रेड हेनरी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। बताते चले कि डॉ विल्फ्रेड हेनरी को बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री श्री सुनील कुमारके द्वारा पिछले वर्ष 5 सितंबर 2025 को राजकीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया था। उन्हें अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रशस्ति पत्र और अवार्ड मिल चुके हैं। वे पिछले 20 वर्षों से उत्कृष्ट शिक्षण सेवा विद्यार्थियों को प्रदान करते चले आ रहे हैं। मीडिया से बातचीत के क्रम में उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत गर्व की बात है कि श्री विकास वैभव सर के हाथों मुझे उत्कृष्ट शिक्षक सेवा सम्मान प्रदान किया गया है। इससे मेरी ऊर्जा दुगनी हो गई है और मैं अपने आप को काफी गरवांवित महसूस कर रहा हूं। सुबह 10:00 से शाम के 7:00 तक चलने वाले इस भव्य कार्यक्रम को लोगों ने खूब सराहा और श्री विकास वैभव के कार्यों की खूब प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन श्री विकास वैभव के अभिभाषण और धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।








