सागर : पुल पर रेलिंग नहीं होने से हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री से की मांग
सागर/मालथौन। खुरई विधानसभा क्षेत्र के मालथौन विकासखंड अंतर्गत बेसरा से सलैया-किशनगढ़ मार्ग पर बने पुल पर रेलिंग नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इस समस्या को लेकर ग्रामवासियों ने पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भूपेन्द्र सिंह को आवेदन देकर पुल पर रेलिंग लगवाने की मांग की है। सरपंच आकांक्षा बुंदेला एवं ग्रामीणों ने बताया कि बेसरा से सलैया-किशनगढ़ मार्ग के अंतर्गत ग्राम सीपुरखस के पास स्थित पुल पर लंबे समय से रेलिंग नहीं लगी है। इसके कारण आये दिन गाय और भैंस जैसे बेजुबान पशु पुल से नीचे गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। वहीं रेलिंग के अभाव में राहगीरों, ग्रामीणों और बच्चों के लिये भी खतरा बना रहता है। ग्रामीण राममिलन, धीरज विश्वकर्मा, प्रमोद यादव और कैलाश आदिवासी ने बताया कि कई पशु पुल से नीचे गिर चुके हैं। पुल की गहराई लगभग 20 फीट है, जिससे हादसों में जानमाल का नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले पुल पर सुरक्षा के लिये रेलिंग लगाई जाये। यह मार्ग और पुल लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है।








