पार्टनर रामलाल झारिया के मुताबिक शराब कारोबार से जुड़े करीब 25 लाख रुपए नकद मिले; टोल टैक्स नाकों और सॉफ्टवेयर को लेकर भी पूछताछ
नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में पूर्व विधायक संजय शर्मा से जुड़े ठिकाने पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की करीब 24 घंटे तक चली जांच गुरुवार सुबह पूरी हो गई। टीम बुधवार सुबह करीब 5 बजे यहां पहुंची थी और लगातार जांच के बाद गुरुवार सुबह वहां से रवाना हो गई।
संजय शर्मा के पार्टनर रामलाल झारिया ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दफ्तर से शराब कारोबार से संबंधित करीब 25 लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं। हालांकि, ED की ओर से इस जब्ती या पूरी कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पूर्व विधायक संजय शर्मा को इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। ऐसे में कांग्रेस के पूर्व विधायक से जुड़े ठिकाने पर ED की कार्रवाई को लेकर इलाके में पूरे दिन चर्चाओं का दौर चलता रहा।
टोल टैक्स नाकों से जुड़े सवाल भी पूछे
कार्रवाई समाप्त होने के बाद रामलाल झारिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ED अधिकारियों ने उनसे टोल टैक्स नाकों को लेकर भी जानकारी ली। उनके अनुसार, अधिकारियों ने टोल नाकों के संचालन के साथ-साथ वहां इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर के बारे में भी पूछताछ की।
झारिया का कहना है कि जांच के दौरान किसी भी टोल टैक्स नाके पर कोई गड़बड़ी नहीं मिली। उन्होंने यह भी दावा किया कि टोल के सॉफ्टवेयर में हेराफेरी किए जाने के संबंध में भी कोई सबूत सामने नहीं आया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और ED ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
पार्टनर ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक द्वेष से प्रेरित
रामलाल झारिया ने ED की जांच को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उनका कहना है कि लगभग 24 घंटे चली कार्रवाई के दौरान ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिसके आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
हालांकि, राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई किए जाने का आरोप झारिया की ओर से लगाया गया है। ED ने इस आरोप पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। जांच किस वजह से की गई और अधिकारियों को जांच में क्या निष्कर्ष मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर ED पर लगाए आरोप
नरसिंहपुर कांग्रेस शहर अध्यक्ष रोहित पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ED की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ED सरकार के इशारों पर काम कर रही है।
रोहित पटेल ने कहा कि सरकारी एजेंसियां संजय शर्मा की लोकप्रियता और उनकी आवाज को दबाने में सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि संजय शर्मा के साथ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाता रहेगा।








