नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने वाले गिरोह का खुलासा, 54.37 लाख का मशरूका बरामद
नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर पुराने मकान से 13 लाख नकद और करीब 40 तोला सोना चोरी कराया, दो आरोपी गिरफ्तार
सागर। बीना थाना पुलिस ने एक गंभीर चोरी के मामले का खुलासा करते हुये करीब 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल कर और जान से मारने की धमकी देकर पुराने पैतृक मकान से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी करवाये थे। मामले में पुलिस ने बीना निवासी आयुष मैना तथा गुना निवासी अंकुश बाल्मीक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक फरियादी परिवार वर्तमान में नये मकान में रह रहा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। 17 जून को पुराने मकान में सामान की जांच करने पर नकदी और कीमती सामान गायब मिला। शिकायत पर थाना बीना में चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आयुष मैना द्वारा फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल किया जाता था और जान से मारने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया गया। इसी दबाव में नाबालिग से चोरी की वारदात कराई गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी आयुष ने फरियादी परिवार से करीब 13 लाख रुपये नकद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लेने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी की नकदी का उपयोग विभिन्न सामान और वाहनों की खरीदारी के साथ अन्य खर्चों में किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वर्ना कार, अर्टिगा कार, रॉयल इनफील्ड बुलेट, मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी, फर्नीचर सहित अन्य सामान बरामद किया है। आयुष से बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 16.37 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी आयुष ने चोरी किये गये सोने के आभूषण अपने मामा अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को दे दिये थे। इसके बाद पुलिस ने अंकुश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किये। बरामद जेवरात में सोने का हार, चैन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े और मंगलसूत्र शामिल हैं। पुलिस ने सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई है। इस प्रकार पुलिस ने मामले में करीब 250 ग्राम सोने के जेवरात और 16.37 लाख रुपये कीमत का अन्य मशरूका कुल लगभग 54.37 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। चोरी की शेष रकम और अन्य संभावित संपत्ति के संबंध में कार्यवाही जारी है। मामले में आयुष मैना निवासी बीना और अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही करते हुये पुलिस रिमांड पर लिया गया। वहीं उनके सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक अनूप यादव, लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, संदीप यादव, दीप सिंह भदौरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने वाले गिरोह का खुलासा, 54.37 लाख का मशरूका बरामद
नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







