सागर : नेशनल हाईवे 44 की सकरी नकटा पुलिया से टकराया कंटेनर, टला बड़ा हादसा
सागर/मालथौन। नेशनल हाईवे.44 पर स्थित नकटा पुलिया एक बार फिर हादसों का केंद्र बन गई है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया की रैलिंग से जा टकराया और हवा में लटक गया। गनीमत रही कि कंटेनर पुलिया के नीचे नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंटेनर क्र.यूके 08 सीबी 6696 आंध्र प्रदेश के चित्तूर से दिल्ली की ओर जा रहा था। चालक सत्य प्रकाश ने बताया कि फोरलेन सड़क होने के बावजूद नकटा पुलिया के पास सड़क अचानक सकरी हो जाती है। इसी तकनीकी खामी और संकरे रास्ते की वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे पुलिया से जा टकराया। हादसे के वक्त कंटेनर में चालक सहित दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पुलिया पर लटक गया, लेकिन वाहन में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। स्थानीय नागरिक आर एस सिंह का कहना है कि पुलिया की चार फीट चौड़ाई कम है, जिस वजह अक्सर सड़क दुर्घटनायें होती रहती है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि हाईवे पर इस सकरी पुलिया की वजह से आये दिन दुर्घटनायें होती रहती हैं। फोरलेन हाईवे पर अचानक रास्ता संकरा होना ड्राइवरों के लिये भ्रम की स्थिति पैदा करता है, जो सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा खतरा बना हुआ है।








