नकली वाल्वोलिन इंजन ऑयल के बड़े भंडार पर पुलिस की कार्यवाही
कॉपीराइट एवं ट्रेडमार्क उल्लंघन करने वाले आरोपी के कब्जे से 1.08 लाख से अधिक मूल्य का माल जप्त
सागर। ब्रांडेड उत्पादों की आड़ में आम उपभोक्ताओं को धोखा देकर नकली इंजन ऑयल बेचने वाले कारोबार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुये नकली वाल्वोलिन इंजन ऑयल का भंडार जप्त करने में सफलता प्राप्त की है। 2 जनू को वाल्वोलिन कंपनी के अधिकृत असिस्टेंट मैनेजर अजय कुमार पुंडीर द्वारा थाना सिविल लाइन पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई कि सिविल लाइन क्षेत्र स्थित ड्रिलटेक इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान पर उनकी कंपनी के इंजन ऑयल की हूबहू नकल कर नकली उत्पादों का विक्रय एवं भंडारण किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि से कंपनी की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंच रही है तथा आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुये थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर मौके पर कार्यवाही की गई। गठित पुलिस टीम द्वारा शिकायतकर्ता, कंपनी के विशेषज्ञ एवं स्टाफ के साथ ड्रिलटेक इंटरप्राइजेज पहुंचकर जांच की गई। मौके पर निशांत तिवारी पिता नारायण तिवारी 39 वर्ष निवासी सिविल लाइन उपस्थित मिले, जिन्होंने दुकान अपने नाम से पंजीकृत होना बताया। कंपनी के विशेषज्ञ द्वारा दुकान में उपलब्ध वाल्वोलिन ब्रांड के इंजन ऑयल का परीक्षण किया, जिसमें पाया कि उक्त उत्पाद कंपनी के मूल उत्पाद की अवैध एवं भ्रामक नकल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों पर अंकित कंपनी की वेबसाइट एवं कस्टमर केयर नंबर गलत थे तथा पैकेजिंग पर अनेक अंग्रेजी शब्दों की वर्तनी त्रुटिपूर्ण पाई गई। यद्यपि बाहरी बनावट मूल उत्पाद से काफी हद तक मिलती-जुलती थी, जिससे आम उपभोक्ताओं को आसानी से भ्रमित कर धोखा दिया जा सकता था। कार्यवाही के दौरान मौके से 6 भरे हुए ऑयल ड्रम एवं 3 खाली ड्रम, कुल अनुमानित मूल्य 1,08,300 जप्त किये। आरोपी का अपराध जमानतीय प्रकृति का होने से उसे वैधानिक नोटिस देकर रिहा किया गया। उक्त मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्र. 174/2026 अंतर्गत धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम तथा धारा 103 एवं 104 ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र सिंह, फूलसिंह, प्रीति मिश्रा, आशीष तिवारी, नीरज की भूमिका रही।








