शादी समारोह में पहुंची पुलिस, जीजा को ले गई थाने, दूल्हा-दुल्हन शादी के जोड़े में पहुंचे थाना, जाने क्या है माजरा
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां शादी समारोह के बीच पुलिस दूल्हे के जीजा को पकड़कर थाने ले गई। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन शादी के जोड़े में ही थाने पहुंच गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बुधवार दोपहर 1 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन के पास रहने वाले करण बंसल की शादी 4 मई को आयोजित थी। शादी समारोह में उनके जीजा छोटू बंसल भी शामिल होने के लिए सागर आए हुए थे।
बताया जा रहा है कि छोटू बंसल जिला बदर घोषित है। इसके बावजूद वह शहर में मौजूद थे, जिस पर कार्रवाई करते हुए कैंट पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले आई।
जैसे ही जीजा की गिरफ्तारी की जानकारी परिवार को मिली, दूल्हा-दुल्हन शादी के जोड़े में ही कैंट थाने पहुंच गए और उन्हें छोड़ने की मांग करने लगे। परिजनों ने पुलिस से आग्रह किया कि दूल्हे के पिता का निधन हो चुका है और जीजा ही परिवार में प्रमुख सदस्य हैं, इसलिए उन्हें शादी समारोह के लिए छोड़ा जाए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने परिजनों को समझाया कि छोटू बंसल पर पूर्व से कई प्रकरण दर्ज हैं और जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की गई है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।








