मुड़वारी सहित समूचे क्षेत्र में दिन भर बिजली कटौती, उमस भरी गर्मी में लोगों के हाल बेहाल
33 KV सप्लाई बंद होने से सलेहा और गुन्नौर क्षेत्र भी रहा प्रभावित नल-जल योजनाएं ठप, स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा असर
पवई/पन्ना। पवई विद्युत मंडल अंतर्गत मुड़वारी सहित समूचे क्षेत्र में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र में दिन भर रही बिजली कटौती और उमस भरी भारी गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को 33 KV (किलोवाट) मुख्य विद्युत सप्लाई बंद होने के कारण मुड़वारी क्षेत्र के कई फीडर पूरी तरह बंद रहे। इस बड़ी कटौती का असर केवल मुड़वारी तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि सलेहा और गुन्नौर क्षेत्र का भी एक बहुत बड़ा हिस्सा इससे सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है। बुनियादी सुविधाएं और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित रही दिन भर बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की नल-जल योजनाएं पूरी तरह ठप हो गईं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ा। इसके साथ ही बिजली न होने से शासकीय और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अध्ययन कार्य में भी भारी बाधा आई। उमस और अंधेरे के बीच बच्चे पढ़ाई करने को मजबूर दिखे।
उमस ने बढ़ाई परेशानी, सुधार की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक तरफ आसमान में बादलों की आवाजाही से उमस और गर्मी चरम पर है, वहीं दूसरी तरफ बिजली कंपनी की इस कदर लापरवाही ने आम जनमानस की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने विद्युत कंपनी के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए ताकि लोगों को इस अघोषित कटौती से राहत मिल सके।
बिजली के आला अफसर नहीं देते ध्यान जगह जगह पोल अव्यवस्थित
बिजली विभाग में मनमानी इस कदर है कि गाड़े जाने वाले पोलों में गुणवत्ता विहीन मटेरियल ओर टेढ़े मेढ़े पोलो की वजह से आये दिन फॉल्ट की बात सामने आती रहती है जिसके कारण सप्लाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जिसका खामियाजा जनता को हो भुगतना पड़ रहा है आला अफसरों से समाचार पत्र के माध्यम से करबद्ध निवेदन है कि समस्याओं को दुरुस्त कराकर विद्युत आपूर्ति निर्बाध की जाए








