सब्जियों के दाम सातवें आसमान पर, टमाटर 80 रुपये किलो पहुंचा
तेंदूखेड़ा। नगर में इन दिनों सब्जियों के बढ़ते दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच सब्जियों की कीमतों में आई तेजी से गृहिणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ गई है। बाजार में अधिकांश सब्जियां ऊंचे दामों पर बिक रही हैं, जिससे लोगों को आवश्यक जरूरतों में कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नगर के सब्जी बाजार में टमाटर सबसे महंगा बिक रहा है। वर्तमान में टमाटर का भाव 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इसके अलावा भटा (बैंगन) 40 रुपये प्रति किलो, बरबटी 60 रुपये प्रति किलो, गिलकी 60 रुपये प्रति किलो तथा भिंडी 60 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रही है। वहीं प्याज 30 रुपये और आलू 20 रुपये प्रति किलो लौकी 40 किलो के भाव पर उपलब्ध है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, परिवहन खर्च में वृद्धि और आवक कम होने के कारण सब्जियों के दाम बढ़े हैं। कई सब्जियां बाहरी मंडियों से आ रही हैं, जिससे उनकी लागत बढ़ रही है। इसका सीधा असर खुदरा बाजार पर दिखाई दे रहा है। दूसरी ओर उपभोक्ताओं का कहना है कि सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने घर का मासिक बजट गड़बड़ा दिया है। खासकर टमाटर और हरी सब्जियों के दाम बढ़ने से रसोई का खर्च काफी बढ़ गया है। गृहिणियों का कहना है कि पहले जहां कम राशि में कई प्रकार की सब्जियां खरीदी जा सकती थीं, वहीं अब सीमित मात्रा में ही सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। यदि आने वाले दिनों में सब्जियों की आवक नहीं बढ़ी और कीमतों में कमी नहीं आई, तो आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है। नगरवासियों को फिलहाल सब्जियों के बढ़े हुए दामों से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।








