होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

खेतों में पकी धान की फसल पर मंडराया बारिश का संकट, अन्नदाता चिंतित

खेतों में पकी धान की ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

खेतों में पकी धान की फसल पर मंडराया बारिश का संकट, अन्नदाता चिंतित

दिनभर छाए रहे बादल, चली ठंडी हवाएं, शाम को तेंदूखेड़ा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बूंदाबांदी; शुक्रवार तक बारिश के आसार

रिपोर्ट – विशाल रजक

तेंदूखेड़ा। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से बुधवार को तेंदूखेड़ा सहित दमोह जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं। शाम होते-होते तेंदूखेड़ा मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार तक बारिश की संभावना जताए जाने से खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
*कटाई-गहाई रोकी, तिरपाल से ढंक रहे फसल*
बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों ने धान की कटाई और गहाई का काम फिलहाल रोक दिया है। गुरुवार सुबह किसान खेतों में कटकर रखी धान की फसल को सुरक्षित करने में जुटे नजर आए। कई किसानों ने फसल को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाकर तिरपाल से ढंक दिया, ताकि बारिश होने पर फसल भीगने से बचाई जा सके
किसानों का कहना है कि इस समय धान की फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार है। यदि तेज बारिश होती है तो खेत में खड़ी और कटकर रखी फसल दोनों प्रभावित हो सकती हैं। धान भीगने से उसकी गुणवत्ता खराब होने के साथ मंडी में उचित भाव मिलने में भी परेशानी हो सकती है। किसानों के मुताबिक मौसम साफ होने के बाद ही कटाई और गहाई का काम तेजी से शुरू किया जा सकेगा।

ठंडी हवाओं से जनजीवन भी प्रभावित

पिछले दो दिनों से लगातार बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए परिवार विशेष सावधानी बरत रहे हैं
*मंडी में मक्का के भाव को लेकर किसान नाराज*
इधर दीपावली के बीच किसान मक्का की फसल लेकर तेंदूखेड़ा कृषि उपज मंडी पहुंच रहे हैं। किसानों का आरोप है कि मौसम खराब होने और त्योहार की जरूरतों के बीच व्यापारी मक्का की खरीदी मनमाने भाव पर कर रहे हैं। किसानों के अनुसार मंडी में मक्का करीब 2300 से 2400 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदी जा रही है। किसानों का कहना है कि यह भाव उनकी लागत की तुलना में कम है। बारिश की आशंका के बीच मंडी में सुखाने के लिए फैलाई गई मक्का को भी किसान समेटते नजर आए। किसानों ने मांग की है कि मंडी में उपज की उचित कीमत सुनिश्चित करने के साथ किसानों को मौसम से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए


स्कूल समय में शिक्षक के मंडी में होने का आरोप

मंडी में किसानों ने झलौन हाईस्कूल में पदस्थ शिक्षक भागचंद जैन के स्कूल समय में मक्का खरीदी करने का आरोप लगाया। किसानों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे शिक्षक मंडी में मक्का की खरीदी करते नजर आए, जबकि उस समय स्कूल का संचालन होना था। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक का निवास तेंदूखेड़ा में है और झलौन हाईस्कूल यहां से करीब 20 किलोमीटर दूर है। किसानों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है
हालांकि शिक्षक के मंडी में होने और स्कूल समय में खरीदी करने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। शिक्षा विभाग का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी धान और मंडी में खुले में रखी मक्का को बारिश से बचाना किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All