भाजपा राज में नारी शक्ति का सम्मान नहीं, दमन हो रहा: रेखा चौधरी
सागर। मप्र कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा राज में नारी शक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि दमन हो रहा है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुये आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जानबूझकर इसे परिसीमन और जनगणना की जटिलताओं में फंसा दिया है, ताकि महिलाओं को तत्काल लाभ न मिल सके। रेखा चौधरी ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक पर हुये मतदान में विपक्ष की एकजुटता से असंवैधानिक प्रयास विफल हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कुल 528 मतों में से 298 मत विरोध में पड़े, जिससे यह संशोधन गिर गया। जब सितंबर 2023 में यह बिल 454 मतों के भारी समर्थन से संसद में पास हो चुका था, तो इसे 2024 के चुनावों में लागू क्यों नहीं किया गया, भाजपा ने परिसीमन और जनगणना की ऐसी पेचीदा शर्तें जोड़ी हैं कि महिलाओं को उनका हक 2029 या 2034 से पहले नहीं मिलने वाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में पूरी तरह एकजुट है और सितंबर 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन कर चुकी है। लेकिन भाजपा ने इसे लागू करने के बजाय पोस्ट-डेटेड चेक बना दिया है। रेखा चौधरी ने मांग की कि लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जाये, साथ ही ओबीसी वर्ग की महिलाओं के लिये आरक्षण के भीतर आरक्षण सुनिश्चित करने की भी बात कही। पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है और कई मामलों में आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता है। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि बेटी बचाओ जैसे नारे केवल चुनावी जुमले बनकर रह गये हैं, जबकि जमीनी हकीकत अलग है। भाजपा के लिए नारी सम्मान केवल एक चुनावी इवेंट है। भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान केवल विज्ञापनों तक सीमित है, जबकि धरातल पर सत्ता के संरक्षण में महिलाओं की अस्मत को रौंदा जा रहा है। मप्र महिला अपराधों के मामले में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है और सागर सहित कई जिलों में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने भाजपा की आक्रोश रैलियों को हास्यास्पद बताते हुये कहा कि पार्टी को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिये। रेखा चौधरी ने कहा कि यदि महिलाओं को उनका अधिकार और सुरक्षा नहीं मिली, तो प्रदेश की महिलायें सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगी और आगामी चुनाव में इसका जवाब देंगी। भाजपा महिलाओं को केवल सत्ता की सीढ़ी मानती है। 2003 में उमा भारती के चेहरे पर चुनाव लड़ा गया, लेकिन जैसे ही बहुमत मिला, उन्हें षड्यंत्र के तहत मुख्यमंत्री पद से हटाकर किनारे कर दिया गया। जिस महिला ने भाजपा को मप्र में खड़ा किया, आज उन्हें ही अपनी पार्टी में हाशिए पर धकेल दिया गया है। यह भाजपा की इस्तेमाल करो और फेंक दो वाली मानसिकता का जीवंत उदाहरण है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता का आयोजन जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय भूपेंद्र सिंह मुहासा व महेश जाटव ने संयुक्त रूप से किया। पत्रकार वार्ता का संचालन प्रदेश मीडिया विभाग के डॉ संदीप सबलोक व आभार संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, कमलेश तिवारी, दीनदयाल तिवारी, नगर निगम पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, रोशनी वसीम खान, ऋ चा सिंह गोंड, सुलेखा राकेश राय, सीमा चौधरी, संगीता अहिरवार के साथ ही महिला कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारी रेखा सोनी, किरण लता सोनी, पार्षद ताहिर खान आदि की उपस्थिति रही।








