सागर : दिनदहाड़े चोरी, खाद-बीज दुकान से 3 लाख रुपये नकद चोरी
सागर/शाहगढ़। शहर के टीकमगढ़ तिराहे स्थित सिंघई खाद-बीज भंडार में रविवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर दुकान से करीब 3 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद व्यापारियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है। जानकारी के अनुसार वारदात रविवार दोपहर करीब 1.15 बजे की है। चोर ने दुकान में रखे सफेद थैले से बिक्री की रकम पार कर दी। चोरी की सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकानदार ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। फुटेज में करीब 20 वर्षीय एक युवक दुकान के अंदर रखे थैले से रुपये निकालते हुये दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक का चेहरा और हुलिया स्पष्ट नजर आ रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिये हैं। पुलिस टीम ने आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिये सभी संभावित सुरागों पर काम किया जा रहा है। घटना के बाद व्यापारी संघ ने सभी व्यापारियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द कार्यवाही कर आरोपी को पकड़ने की मांग की है।








