सागर : भाजपा नेता की बोलेरो में देर रात लगाई आग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सागर/बीना। शहर की चैतन्य धाम कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज आगजनी की घटना सामने आई। भाजपा नेता एवं नगर मंडल कार्यसमिति सदस्य भूपेंद्र केथोरिया की घर के बाहर खड़ी बोलेरो वाहन को तीन अज्ञात नकाबपोश युवकों ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
जानकारी के मुताबिक देर रात बाइक पर सवार होकर तीन युवक कॉलोनी में पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो क्रमांक एमपी 15 जेड जे 8241 पर पेट्रोल छिड़का और कुछ ही देर में उसमें आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
वाहन से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद भूपेंद्र केथोरिया और उनके परिवार को घटना की जानकारी मिली। स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आग आसपास के क्षेत्र में भी फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
पीड़ित भूपेंद्र केथोरिया ने बुधवार को बीना की छोटी बजरिया पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आगजनी के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है और आरोपियों की पहचान भी नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है।








