सागर : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत दूसरा गंभीर घायल
सागर/बीना। खुरई रोड पर घटियारी गांव के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शराब से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो अज्ञात युवक बीना से खुरई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खुरई से बीना की तरफ आ रहे ट्रक क्र. 16 जीए 1117 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुये बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही बीना पुलिस मौके पर पहुंची। समाजसेवी हन्नू राजपूत भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को मर्चुरी में रखवा दिया गया है। घायल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। गंभीर हालत को देखते हुये घायल को सागर रेफर कर दिया गया है। हन्नू राजपूत ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंस गई और ट्रक अनियंत्रित होकर प्रतीक्षालय में जा घुसा। जिससे प्रतीक्षालय पूरा क्षतिग्रस्त हो गया और बाइक के परखच्चे उड़ गये।








