सागर : मेहनत ने लिखी कामयाबी की कहानी: सागर के प्रियंक दुबे ने JEE Main में 99.56 परसेंटाइल हासिल कर किया नाम रोशन
कहते हैं कि…. हालात नहीं, हौसले तय करते हैं उड़ान कितनी ऊंची होगी,
जिनके साथ मां-बाप का त्याग हो, उनके सपनों की कोई सीमा नहीं होती….
सागर। मेहनत, लगन और परिवार के त्याग की मिसाल पेश करते हुए पोद्दार कॉलोनी निवासी प्रियंक दुबे ने JEE Main 2026 परीक्षा में 99.56 परसेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया स्तर पर 4876वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे सागर जिले को गौरवान्वित किया है।

इस वर्ष आयोजित परीक्षा में देशभर से 16,04,854 छात्रों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से करीब 15,38,468 परीक्षार्थी शामिल हुए। ऐसे कड़े मुकाबले में प्रियंक का यह प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।
प्रियंक की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग और सहयोग साफ नजर आता है। उनके पिता प्रमोद कुमार दुबे ने बताया कि नौकरी की व्यस्तता के चलते वे बेटे को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे, लेकिन उनकी मां कल्पना दुबे दो वर्षों तक कोटा में रहकर बेटे की पढ़ाई में पूरी तरह साथ रहीं। मां ने बताया कि प्रियंक ने खुद को पूरी तरह पढ़ाई में समर्पित कर दिया था न कोई शौक, न स्मार्टफोन का इस्तेमाल, बस दिन-रात मेहनत।

यह कहानी उन छात्रों के लिए भी एक प्रेरणा है, जो अक्सर यह सोचकर पीछे हट जाते हैं कि आर्थिक संसाधन सीमित हैं तो तैयारी कैसे होगी। प्रियंक ने अपनी पढ़ाई का अधिकांश खर्च स्कॉलरशिप के माध्यम से पूरा किया और कोटा में PW क्लासेस से तैयारी की। उन्होंने साबित कर दिया कि अगर मेहनत सच्ची हो, तो हर बाधा पार की जा सकती है।

अब प्रियंक का सपना IIT मद्रास में प्रवेश लेकर आगे की पढ़ाई करने का है। उनकी यह सफलता बताती है कि संघर्ष और समर्पण के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।








