चौंकाने वाला मामला : एक चूक ओर 76 छात्र हुए हाई स्कूल में फैल
रायबरेली में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पूरे परीक्षा केंद्र के सभी छात्र-छात्राएं फेल हो गए। इस अप्रत्याशित परिणाम के पीछे स्कूल की ओर से हुई एक तकनीकी गलती बताई जा रही है, जिससे 76 विद्यार्थियों का परिणाम प्रभावित हुआ और वे सभी निराशा में डूब गए।
यह घटना अटौरा क्षेत्र के किलौली स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज की है, जहां हाईस्कूल के लिए कुल 76 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें 36 छात्र और 40 छात्राएं शामिल थीं। सभी विद्यार्थियों ने अपनी परीक्षाएं पूरी तैयारी के साथ दी थीं, जिसमें लिखित और प्रयोगात्मक दोनों शामिल थे। लेकिन जब परिणाम घोषित हुआ, तो सभी के सभी छात्र अनुत्तीर्ण घोषित कर दिए गए।
जांच-पड़ताल में सामने आया कि समस्या प्रयोगात्मक परीक्षा के अंकों को भेजने में हुई। स्कूल की ओर से बोर्ड को भेजे गए अंकों में कोडिंग की गलती हो गई थी। बताया गया कि जहां ‘A+’ दर्ज किया जाना था, वहां ‘AA+’ लिखा गया, जिसे बोर्ड ने ‘एब्सेंट’ यानी अनुपस्थित के रूप में दर्ज कर लिया। इसी आधार पर सभी छात्रों को अनुपस्थित मानते हुए फेल कर दिया गया।
जब स्कूल प्रबंधन ने इस पर आपत्ति जताई, तो बोर्ड की ओर से यही तकनीकी कारण बताया गया। फिलहाल प्रबंधन इस त्रुटि को सुधारने और छात्रों का परिणाम संशोधित कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।
विद्यालय की व्यवस्थापक मुनीश त्रिवेदी ने फोन पर जानकारी देते हुए कहा कि यह पूरी तरह से तकनीकी गड़बड़ी का मामला है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट के परिणाम संतोषजनक रहे हैं, जबकि हाईस्कूल के नतीजों में यह समस्या सामने आई है। उन्होंने स्कूल की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द ही बोर्ड से संपर्क कर सही परिणाम जारी कराया जाएगा।
इधर, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को घोषित परिणाम में जिले के अन्य सभी स्कूलों के छात्र अच्छे अंकों से पास हुए हैं, लेकिन केवल सर्वोदय इंटर कॉलेज के 76 छात्र ही फेल हुए हैं। मामला सामने आते ही विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि शारीरिक शिक्षा के प्रयोगात्मक अंकों की ग्रेडिंग में गड़बड़ी हुई है, जिसके कारण सभी छात्रों का परिणाम प्रभावित हुआ। जिला प्रशासन ने माध्यमिक शिक्षा परिषद से संपर्क स्थापित कर लिया है और जल्द ही संशोधित परिणाम जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।








