औचक निरीक्षण में खुली स्कूल की पोल: गेट पर इंतजार करते मिले छात्र, प्राचार्य को नोटिस
सागर/देवरी। तहसील के शास. नवीन हाईस्कूल, डोंगरसलैया में विद्यालय संचालन में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। तहसीलदार वर्षा दुबे द्वारा किये गये औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद मिला, जबकि कई छात्र-छात्रायें विद्यालय परिसर के बाहर खड़े होकर स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे थे। स्थिति को गंभीर मानते हुये तहसीलदार ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। तहसीलदार द्वारा जारी नोटिस के अनुसार 28 जुलाई को सुबह 10 बजे विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया कि विद्यालय निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो रहा था। मुख्य द्वार बंद होने के कारण विद्यार्थियों को बाहर इंतजार करना पड़ रहा था, जिससे उनकी सुरक्षा, अनुशासन और शिक्षा के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। नोटिस में उल्लेख किया कि विद्यालय संचालन में इस प्रकार की लापरवाही प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। एक शासकीय सेवक के रूप में निर्धारित दायित्वों का निर्वहन नहीं करना सेवा नियमों के विपरीत है और यह कर्तव्य के प्रति उदासीनता का परिचायक है। तहसीलदार वर्षा दुबे ने प्राचार्य को निर्देश दिये कि नोटिस प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर तथ्यात्मक एवं संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब प्राप्त नहीं होने या स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाये जाने की स्थिति में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुये नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं एसडीएम देवरी को भी आवश्यक कार्यवाही एवं अवलोकनार्थ भेजी गई है। इस कार्यवाही के बाद क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में समय पर संचालन और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर सख्ती के संकेत मिल रहे हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विद्यालय प्रबंधन अपने पक्ष में क्या स्पष्टीकरण प्रस्तुत करता है और प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।








