सागर के गौरझामर में दिव्यांग युवक की संदिग्ध मौत, शव रखकर परिजनों का चक्काजाम; फुल्की के पैसों के विवाद से जुड़ा मामला
सागर। गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम पटना खुर्द में एक दिव्यांग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाना के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी। थाना प्रभारी नासिर फारूकी की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पटना खुर्द निवासी नरान पिता धीरे विश्वकर्मा, उम्र करीब 21 वर्ष, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर युवक को कथित रूप से जहर पिलाकर मारने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार घटना से पहले गांव के कुछ लोगों से फुल्की के पैसों को लेकर विवाद हुआ था।

इधर, घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी सामने आई है। वीडियो में एक युवक मृतक को ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, हम इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
पुलिस ने मार्ग कायम जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








