तेंदूखेड़ा नगर परिषद को मिले नए सीएमओ, राजेंद्र सिंह लोधी ने संभाला कार्यभार
तेंदूखेड़ा। नगर परिषद तेंदूखेड़ा में नवपदस्थ मुख्य नगर परिषद अधिकारी (सीएमओ) राजेंद्र सिंह लोधी ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने नगर परिषद कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके कार्यों की जानकारी ली।
नए सीएमओ श्री लोधी ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर नगर परिषद के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों से जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री लोधी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा नगर में इन दिनों सामने आ रही पेयजल समस्याओं पर भी उन्होंने गंभीरता से मंथन किया। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से चर्चा की तथा नागरिकों को नियमित एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।








