बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में लाठी-डंडे और चाकू चले
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र की बाघराज आवासीय कॉलोनी में मंगलवार को बच्चों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ चाकू भी चलने की बात सामने आई है। घटना में करीब पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में घायल रोशन आरा ने बताया कि बच्चों के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ, जब एक बच्ची ने एक लड़के को धक्का दे दिया। इसी बात को लेकर उबेश नाम के व्यक्ति ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि मामला बढ़ने के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भी जवाबी हमला किया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ चाकू चलने की बात भी सामने आई। दोनों पक्षों की मारपीट में करीब पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत और घायलों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के दौरान हुई गतिविधियों की भी पुलिस जांच कर रही है।








