ग्रामीणों ने तीन पहिया वाहन से पकड़ा विद्युत तार, कबाड़ी को पुलिस के हवाले किया
सागर/मालथौन। थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी बरोदिया कलां अंतर्गत ग्राम ढडली में शनिवार को ग्रामीणों ने एक कबाड़ी के तीन पहिया वाहन में बड़ी मात्रा में विद्युत तार देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस कबाड़ी, एक अन्य व्यक्ति एवं तीन पहिया वाहन को अपने साथ पुलिस चौकी ले गई। मामले में पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को कवाड़ी गांव में कबाड़ खरीदने के लिये आया था। वह ग्रामीणों से कबाड़ खरीद रहा था। इसी दौरान उसके तीन पहिया वाहन में बड़ी मात्रा में 11 केवी विद्युत तार के बंडल दिखाई दिये। ग्रामीणों को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कबाड़ी एवं वाहन को चौकी ले गई। ग्रामीणों के अनुसार गत 11 जून को मृगवाली एवं ढडली गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को आवेदन देकर खेतों से होकर गुजरने वाली विद्युत लाइन के खंभों से तार काटकर ले जाने की शिकायत की थी। ग्रामीणों ने कुछ विद्युत खंभों को क्षतिग्रस्त किये जाने की बात भी आवेदन में बताई थी। शनिवार को वाहन में विद्युत तार मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस के पहुंचने और वाहन को चौकी ले जाने का वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस चौकी में कबाड़ी से पूछताछ की जा रही है। विद्युत तार चोरी के पुराने मामले से बरामद तार का संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।








