तेज धूप के बाद बारिश से बदला मौसम, लोगों को मिली राहत
तेंदूखेड़ा। गुरुवार को तेंदूखेड़ा क्षेत्र में सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिला। सुबह के समय से ही सूर्य की तीखी किरणों के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। बढ़ते तापमान के चलते दोपहर लगभग 11 बजे तक बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। कई लोग गर्मी से बचने के लिए घरों और दुकानों में ही रहने को मजबूर रहे। दोपहर लगभग 1 बजे के बाद मौसम में परिवर्तन के संकेत दिखाई देने लगे। आसमान में काले और घने बादलों का जमाव शुरू हुआ, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी। इसके बाद करीब 2 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और क्षेत्र में 3 बजे हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। जो लगभग 25 से 30 मिनट जारी रही बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। लंबे समय से तेज धूप और उमस से परेशान नागरिकों ने मौसम में आए इस बदलाव का आनंद लिया। बारिश रुकने के बाद लोग घरों से बाहर निकले और ठंडी हवाओं तथा सुहावने मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर लोगों की चहल-पहल भी बढ़ गई। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अचानक हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया और वातावरण में ताजगी का एहसास कराया। पूरे क्षेत्र में बारिश के बाद बहारों जैसा सुहावना माहौल बन गया, जिससे लोगों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।








