सागर : गाय बचाने के चक्कर में ट्रक पलटा, नगर पालिका के गेट से टकराया
सागर/बीना। कुरवाई रोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर नगर पालिका के प्रवेश द्वार से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि क्लीनर सुरक्षित बच गया। घटना के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार ट्रक एमपी 15 जेडसी 9376 अशोकनगर में भूसा खाली कर खुरई लौट रहा था। जगरानी पेट्रोल पंप के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक नगर पालिका के प्रवेश द्वार के पोल से टकराया और सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे में खुरई निवासी चालक संदीप अहिरवार के पैर में चोट आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्लीनर सुनील चढ़ार ने बताया कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या व्यक्ति नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हादसे में नपा का प्रवेश द्वार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासी शिवेश ताम्रकार ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण इस तरह के हादसे अक्सर होते रहते हैं।








