महिला को बाइक सवार ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल
तेंदूखेड़ा। दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर तारादेही तिराहे से लगभग 100 मीटर दूर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में एक महिला एवं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्लो बी, पति हमीद शाह, निवासी वार्ड क्रमांक 6 तेंदूखेड़ा सड़क 8.30 बजे रात में पैदल जा रही थीं। इसी दौरान तेंदूखेड़ा से अपने ग्राम धनगौर जा रहे बाइक चालक चंदन विश्वकर्मा (22 वर्ष), पिता रूपलाल विश्वकर्मा, निवासी ग्राम धनगौर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला एवं बाइक चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया है।








