सागर : कार से खुरई लाई जा रही थी 15 पेटी शराब, दो आरोपी गिरफ्तार
सागर/खुरई। शहरी पुलिस ने अब्दुल हमीद वार्ड के खाईपुरा से एक कार से 15 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त शराब की कीमत 67,500 रुपये बताई गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कार से अवैध शराब लेकर खुरई आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल एक टीम का गठन किया और उसे अब्दुल हमीद वार्ड के खाईपुरा भेजा गया। टीम ने कार क्र. एमपी 04 सीक्यू 9381 की जांच की। कार की डिग्गी से 10 पेटी सागर गोल्ड लाल मसाला 500 पांव और बीच वाली सीट से 5 पेटी देशी मदिरा प्लेन 250 पांव जब्त की गई। कुल 135 लीटर अवैध शराब की कीमत 67,500 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ राजा अहिरवार 25 और धर्मेंद्र अहिरवार 22 के रूप में हुई है। दोनों अब्दुल हमीद वार्ड के निवासी हैं। पुलिस ने 4 लाख रुपये की कार और 67,500 रुपये की शराब सहित कुल 4 लाख 67 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया है। उक्त कार्यवाही में खुरई शहरी थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह दांगी, पदम सिंह, राजा बेदी, धरम दास कुशवाहा, धीरेंद्र सिंह राजावत, सोनू राज, नितिन दुबे शामिल थे। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अवैध शराब का सरगना शाहिद पठान है, जो इन आरोपियों से शराब मंगवाता था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, लेकिन वह अभी फरार है।








