होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

MP : सिवनी में होटल संचालक से वसूली और प्रेमी जोड़े को गांजे में फंसाने की धमकी का आरोप, ASP- SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

MP : हिडन कैमरे में ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

MP : हिडन कैमरे में कैद हुई पुलिस अधिकारियों की बातचीत, वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिया संज्ञान; निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक होटल में ठहरे प्रेमी जोड़े को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने और होटल संचालक से हर महीने रकम वसूलने के आरोपों में घिरे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर सरकार ने कार्रवाई की है। निलंबित किए गए अधिकारियों में ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम, टीआई सहित कुल 6 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

इस पूरे मामले का खुलासा होटल संचालक द्वारा लगाए गए साउंड रिकॉर्डिंग की सुविधा वाले हिडन कैमरे से हुआ। कैमरे में रिकॉर्ड हुई करीब 1 मिनट 15 सेकंड की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी पहनकर अनुशासनहीनता और गलत आचरण करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करना चाहिए।

हर महीने 50 हजार रुपए मांगने का आरोप

बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले दो महीने से होटल का संचालन जारी रखने के एवज में उनसे हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था।

संजय के मुताबिक, अक्टूबर महीने में उन्होंने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए भी दिए थे। इसके बावजूद जब पूरी रकम नहीं मिली तो पुलिस ने 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगातार तीन दिन होटल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान होटल के कर्मचारियों और वहां ठहरे ग्राहकों को डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया गया है।

तीन अधिकारियों पर अलग-अलग रकम मांगने का दावा

होटल संचालक ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, SDOP चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी पर भी वसूली के आरोप लगाए हैं। संजय का दावा है कि होटल चलाने के बदले इन तीनों अधिकारियों की ओर से अलग-अलग 25-25 हजार रुपए प्रतिमाह देने की मांग की जाती थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह तीनों को 10-10 हजार रुपए दे चुके हैं।

CCTV का DVR जब्त होने से परेशान होकर लगाया हिडन कैमरा

होटल संचालक संजय सनोडिया ने बताया कि पुलिसकर्मियों के होटल पहुंचने पर अक्सर CCTV कैमरों का DVR अपने कब्जे में ले लिया जाता था। उनका आरोप है कि ऐसा सबूत मिटाने के उद्देश्य से किया जाता था। बार-बार DVR जब्त होने की आशंका के चलते उन्होंने होटल में एक अतिरिक्त छिपा हुआ कैमरा लगवाया, जिसमें आवाज भी रिकॉर्ड हो सकती थी।

संजय के अनुसार, 13 नवंबर को ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और टीआई पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने एक DVR जब्त कर लिया, लेकिन हिडन कैमरे से जुड़ा दूसरा DVR उनके हाथ नहीं लगा। इसी में पूरी घटना और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड हो गई।

होटल संचालक ने यह भी बताया कि उन्होंने होटल यश मेश्राम को किराए पर दे रखा है। उनके मुताबिक, अक्टूबर में पैसे नहीं देने के कारण पुलिसकर्मियों ने यश मेश्राम के साथ मारपीट भी की थी।

प्रेमी जोड़े से बातचीत में गांजा रखकर फंसाने की बात

वायरल वीडियो में होटल के रिसेप्शन पर पुलिस अधिकारियों और वहां ठहरे प्रेमी जोड़े के बीच हुई बातचीत सुनाई दे रही है। रिकॉर्डिंग में ASP दीपक मिश्रा जोड़े से सवाल करते हुए कहते सुनाई देते हैं कि दोनों जिंदगी का आनंद ले रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने माता-पिता की चिंता नहीं है।

इसी दौरान टीआई सतीश तिवारी बताते हैं कि प्रेमी जोड़ा शादी करना चाहता है और दोनों एक ही जाति के हैं। वे बालिग होने की बात भी कहते हैं।

इसके बाद वीडियो में ASP दीपक मिश्रा लड़की से मोबाइल खोलकर उसके पिता को फोन लगाने के लिए कहते सुनाई देते हैं। बातचीत के दौरान वह लड़के के बैग में गांजा रखकर उसे फंसाने की बात भी कहते हैं। इस कथित बातचीत ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

पहले टीआई को लाइन अटैच किया, फिर वरिष्ठ अधिकारियों ने की कार्रवाई

मामले के सामने आने के बाद शुरुआत में सिवनी SP कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच किया था। हालांकि, मामला गंभीर होने पर IG प्रमोद वर्मा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने टीआई समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और बुधवार शाम तक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वहीं, मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि सिवनी के एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और SDOP को निलंबित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी किए गए हैं और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कदम उठाने की बात कही गई है।

ASP ने वायरल वीडियो को बताया AI जनरेटेड

वीडियो सामने आने के बाद जब ASP दीपक मिश्रा से इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने रिकॉर्डिंग को AI जनरेटेड और फर्जी बताया। हालांकि, जैसे ही उन्हें IG द्वारा मामले की जांच के आदेश दिए जाने की जानकारी दी गई, उन्होंने फोन काट दिया।

एक साल पहले भी सामने आया था डेढ़ करोड़ की रिश्वत का मामला

सिवनी पुलिस से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। करीब एक साल पहले भी जिले में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया था। 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिसकर्मियों ने एक वाहन से 3 करोड़ रुपए बरामद किए थे। आरोप लगे थे कि डेढ़ करोड़ रुपए की रिश्वत लेकर इस मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई।

उस प्रकरण में भी IG प्रमोद वर्मा ने कार्रवाई करते हुए टीआई अर्पित भैरम सहित 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। वहीं, तत्कालीन DGP ने SDOP पूजा पांडेय को भी सस्पेंड किया था। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के पास से 1.45 करोड़ रुपए बरामद किए गए थे।

अब होटल में हुई कथित वसूली और प्रेमी जोड़े को फंसाने की धमकी का मामला सामने आने के बाद एक बार फिर सिवनी पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली चर्चा में है।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All