युवक की पीट-पीट कर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार,पत्नी को भी बनाया आरोपी, भाई के साथ मिलकर रची थी साजिश
सागर। मकरोनिया में पैराडाइज होटल के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक अंकित पटेल 28 की पत्नी अंकिता द्विवेदी को भी आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार अंकिता ने अपने भाई जय द्विवेदी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वारदात में शामिल अनीष गौतम फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। रविवार दोपहर मानस नगर निवासी अंकित पटेल पैराडाइज होटल के सामने चाय की दुकान पर था। इसी दौरान रंजिश को लेकर नेहा नगर निवासी जय द्विवेदी से उसका विवाद हो गया। जय अपने दोस्त राजुल सेन और एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक जय ने लोहे के सरिये से अंकित पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस टीम ने दमोह में दबिश देकर जय द्विवेदी को गिरफ्तार किया, जबकि राजुल सेन को बंडा से पकड़ा गया। अंकिता द्विवेदी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अंकित पटेल ने वर्ष 2020 में जय द्विवेदी की बहन अंकिता से प्रेम विवाह किया था। करीब एक साल तक दोनों साथ रहे, इसके बाद विवाद शुरू हो गया। दोनों अलग रहने लगे। परिवार की समझाइश के बाद फिर साथ आये, लेकिन विवाद जारी रहा और बाद में दोनों ने तलाक ले लिया। पुलिस के अनुसार, वारदात से करीब 11 दिन पहले ही उनका तलाक हुआ था। पुलिस का कहना है कि तलाक के बाद जय अपनी बहन की दूसरी शादी करना चाहता था। इसी दौरान अंकित परिजनों को परेशान कर रहा था और फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि जांच में सामने आया है कि जय द्विवेदी और उसकी बहन अंकिता ने अंकित की हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद जय ने अपने दोस्त राजुल सेन और एक अन्य व्यक्ति को इसमें शामिल किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अनीष गौतम फरार है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात और साजिश के संबंध में पूछताछ की जा रही है।








