सागर : कार से 90 लीटर अवैध शराब जब्त कर वाहन चालक को किया गिरफ्तार
सागर/बीना। आगासौद पुलिस ने शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान 90 लीटर अवैध शराब जब्त की है। मामले में कार चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि थाना क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर एक संदिग्ध कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें 500 पाव अवैध देशी शराब मिली। जब्त शराब की कीमत लगभग 62 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से कार चालक दिनेश पिता फेरन सिंह कुर्मी निवासी गिरोल को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका एक अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने शराब के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही डेढ़ लाख रुपये की कार भी जब्त की है। इस तरह कुल 2 लाख 21 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है। उक्त कार्यवाही में प्रधान आरक्षक संतोष, लोकेंद्र यादव, रणवीर सिंह और दीपक शामिल रहे।








