महिला की गर्दन पर चाकू से वार, ऑटो चालक की आंखों में झोंकी मिर्च; आरोपी गिरफ्तार
मोतीनगर थाना क्षेत्र में वारदात के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में अजय तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला पर चाकू से हमला करने और उसके साथ मौजूद ऑटो चालक की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय तिवारी (47) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को सनराइज मेगासिटी निवासी दीवान उर्फ मानसी ठाकुर (43) ने मोतीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बाघराज आवासीय कॉलोनी के पास पेट्रोल पंप के नजदीक अजय तिवारी ने उनका रास्ता रोक लिया। इस दौरान आरोपी ने पहले ऑटो चालक अन्नू रजक की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से उनकी गर्दन पर हमला कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अजय तिवारी पिता स्व. अंजनी कुमार तिवारी, निवासी झंडा चौक, थाना गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296(ए) और 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश जारी हुए।
इस कार्रवाई में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह के साथ भारत सिंह, शोएब बेग, प्रकाश, नदीम और अनुराग की अहम भूमिका रही।








