तीन वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दी जानकारी, संगठन के पुनर्गठन को बताया ऐतिहासिक पहल
भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 3 जून को भोपाल आगमन से पहले कांग्रेस पार्टी ने ‘नव सृजन अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा और कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने अभियान को कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में “ऐतिहासिक पहल” करार देते हुए कहा कि “यह अभियान मध्यप्रदेश में कांग्रेस को फिर से जनमानस से जोड़ने और एक मजबूत जमीनी संगठन खड़ा करने की दिशा में निर्णायक कदम है। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी वैचारिक एवं सांगठनिक स्तर पर नए सिरे से जनता के बीच पहुंचेगी।”
पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने जानकारी दी कि राहुल गांधी 3 जून को भोपाल पहुंचकर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर राहुल गांधी की भूमिका को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “यह उन वंचित वर्गों की जीत है, जिन्हें लंबे समय से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की प्रतीक्षा थी। राहुल जी की आवाज ने देशभर में नई चेतना जगाई।”
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने ‘नव सृजन अभियान’ को वैचारिक राजनीति की पुनर्स्थापना का प्रयास बताते हुए कहा कि “यह केवल एक सांगठनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संवाद, संपर्क और जनसरोकार आधारित राजनीतिक बदलाव की शुरुआत है। यह अभियान भाजपा की झूठ और भ्रम की राजनीति को बेनकाब करेगा।”
तीनों नेताओं ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से इस ऐतिहासिक अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की और विश्वास जताया कि यह पहल कांग्रेस पार्टी को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा प्रदान करेगी।
राहुल गांधी की इस यात्रा को पार्टी के लिए एक नई शुरुआत और जनसंवाद की पुनर्प्रतिष्ठा के रूप में देखा जा रहा है।