दाढ़ी देख दुल्हन ने तोड़ी शादी, बारात लौटी खाली हाथ, थाने पहुंचा मामला
सीतापुर। यूपी के सीतापुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां दूल्हे की दाढ़ी उसकी शादी तुड़वा बैठी। दुल्हन ने शादी के मंडप तक आने से पहले ही दूल्हे को रिजेक्ट कर दिया। वजह सिर्फ इतनी थी कि दूल्हा क्लीन शेव नहीं था।
क्या है पूरा मामला?
पिसावां इलाके के रहने वाले ननक्के ने अपनी बेटी अनीता की शादी हरदोई जिले के मिहीपुर गांव निवासी विमल से तय की थी। विमल दिल्ली की एक स्पोर्ट्स कंपनी में सिलाई का काम करता है और 35 हजार रुपये महीने कमाता है। शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से हो रही थीं। 7 जून की शाम तय समय पर विमल बारात लेकर लड़की के घर पहुंचा।
स्वागत में कोई कमी नहीं थी
लड़की वालों ने बारात का बड़े धूमधाम से स्वागत किया। जनवासे में बारातियों को अच्छी खातिरदारी मिली। डीजे, लाइट, खाना, गिफ्ट, हर चीज का शानदार इंतजाम था। बाराती नाचते-गाते दुल्हन के घर पहुंचे। जैसे ही द्वार पूजा का कार्यक्रम शुरू हुआ, दुल्हन ने दूल्हे को देखा।
दुल्हन बोली- “दाढ़ी वाले से शादी नहीं करूंगी”
दुल्हन अनीता ने दूल्हे को देखते ही शादी से साफ इनकार कर दिया। उसने कहा, “मुझे क्लीन शेव लड़का चाहिए था, मैंने पहले ही मना किया था कि दाढ़ी वाला लड़का नहीं चाहिए।” लड़की पक्ष ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपनी बात पर अड़ी रही।
दूल्हा बोला- शादी के बाद कटवा लूंगा दाढ़ी
लड़के वालों ने भी खूब कोशिश की। दूल्हे ने खुद कहा, “शादी के बाद सुबह सबसे पहले दाढ़ी कटवा लूंगा, जैसा कहोगे वैसा करूंगा।” लेकिन दुल्हन नहीं मानी। आखिरकार बिना शादी किए बारात को वापस लौटना पड़ा।
दहेज की डिमांड और झूठी जमीन का भी आरोप
दुल्हन के पिता ननक्के ने आरोप लगाया कि बारात में कई लोग शराब के नशे में थे। पूजा के दौरान लड़के के पिता ने दहेज में बाइक की डिमांड भी रख दी। इतना ही नहीं, शादी तय करते समय लड़के वालों ने दावा किया था कि दूल्हे के नाम 10 बीघा जमीन है, जो बाद में झूठा निकला। इससे लड़की पक्ष और भड़क गया।
मामला पहुंचा थाने, पुलिस करा रही समझौता
मामला थाने तक जा पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
दूल्हे का बयान
दूल्हे विमल का कहना है, “लड़की वालों ने दाढ़ी का मुद्दा बना दिया। मैंने भरोसा दिया था कि शादी के बाद दाढ़ी कटवा लूंगा, लेकिन वे नहीं माने।”
शादी टूटी, सोशल मीडिया पर चर्चा
इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में फैल गई है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर खूब चटकारे ले रहे हैं। कोई इसे ‘सावधान दूल्हे’ वाला मामला बता रहा है तो कोई कह रहा है कि शादी से पहले लड़का-लड़की की पसंद-नापसंद साफ कर लेनी चाहिए।