सागर : हर चक्कर में ₹900 खर्च, चार बार लगाई गुहार… फिर भी नहीं मिली सुनवाई, जनसुनवाई में महिला का हंगामा
सागर। सागर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान दोपहर 12 बजे हंगामे की स्थिति बन गई, जब अपनी समस्या के निराकरण के लिए चौथी बार पहुंची एक महिला अधिकारियों पर भड़क उठी। महिला ने आरोप लगाया कि कई बार आवेदन देने के बावजूद उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और उसे हर बार सिर्फ आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है।
जानकारी के अनुसार विदिशा जिले के नरवांस गांव निवासी सरोज अहिरवार जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंची थीं। महिला का कहना है कि एससी-एसटी एक्ट से संबंधित प्रकरण में उसे करीब 75 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि मिलना है, लेकिन पिछले एक वर्ष से अधिकारी मामले को टालते आ रहे हैं।
मीडिया कर्मियों से बातचीत में महिला ने बताया कि वह अब तक चार बार सागर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में आ चुकी है। विदिशा से सागर आने-जाने में उसका लगभग ₹900 खर्च हो जाता है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर हर बार सिर्फ आश्वास देना हैँ लेकिन काम नहीं करना, तो ऐसी जनसुनवाई का क्या मतलब है?
जनसुनवाई परिसर में महिला जोर-जोर से अपनी पीड़ा व्यक्त करने लगी। महिला ने यह आरोप भी लगाया कि सागर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है और यहां आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होता। ।








