15 हजार दो, नहीं तो अतिक्रमण बताऊंगा… पटवारी की रिश्वतखोरी का लोकायुक्त ने किया पर्दाफाश
टीकमगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त सागर की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपालपुरा क्षेत्र के एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पटवारी पर एक ग्रामीण से उसकी जमीन से जुड़े मामले में पैसे मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पुंटू आदिवासी (47 वर्ष), निवासी ग्राम गोपालपुरा भाटा, ग्राम पंचायत गोपालपुरा खास, जिला टीकमगढ़ ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से पट्टे की जमीन पर कच्चा मकान बनाकर रह रहा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि गोपालपुरा के पटवारी अजय सूत्रकार उनके मकान को अतिक्रमण घोषित करने की बात कह रहे थे। साथ ही बेड़े से सार्वजनिक रास्ता नहीं बनाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान 25 मई 2026 को आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये पहली किस्त के रूप में लेने की पुष्टि हुई। सत्यापन पूरा होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
मंगलवार 2 जून 2026 को टीकमगढ़ जिले के ग्राम कंचनपुरा स्थित पन्नालाल कुशवाहा की किराना दुकान पर कार्रवाई की गई। यहां आरोपी पटवारी अजय सूत्रकार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह पूरी कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई संबंधी निर्देशों के तहत की गई। उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में लोकायुक्त सागर संभाग की टीम ने ट्रैप को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक कमल सिंह उईके और निरीक्षक मंजू किरण तिर्की ने किया। उनके साथ लोकायुक्त सागर संभाग का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।








