वेयरहाउस विवाद में युवक की हत्या का आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद
सागर। थाना सुरखी पुलिस ने वेयरहाउस में हुये विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपी को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन अति. पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही की गई। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को फरियादी पप्पू उर्फ पवन अहिरवार निवासी राजा बिलहरा ने थाना सुरखी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे वह अपने साथियों के साथ शासकीय वेयरहाउस बम्होरी के कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान दूसरे कमरे में मौजूद भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा और भूपेन्द्र शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद और गाली गलौज होने लगी। मौजूद लोगों ने दोनों के बीच हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा लोहे का पाइप लेकर आया और पीछे से भूपेन्द्र शर्मा के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भूपेन्द्र शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिये हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर किया गया, जहां 23 जुलाई को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद थाना सुरखी में अपराध क्र. 249/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घायल की मृत्यु के बाद मामले में हत्या की धारायें भी जोड़ दी गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये पुलिस ने 24 जुलाई को आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप शर्मा 32 निवासी ग्राम खुरई थावरी थाना सुरखी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद कर जब्त किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2022 में थाना सुरखी में मारपीट सहित अन्य मामलों का आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी बिलहरा उपनिरीक्षक रामअवतार धाकड़, महेन्द्र प्रभाकर, नौवत कुमार, कर्मवीर, कामता, विकास मिश्रा, सौरभ रैकवार सायबर सेल सहित थाना सुरखी पुलिस के समस्त स्टाफ की भूमिका रही।








